टीएस सिंहदेव और देवाशीष पटनायक ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर उठाए सवाल, 16 नवंबर से सरगुजा दौरे पर रहेंगे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत
अंबिकापुर। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वैध मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरगुजा में अपना अभियान तेज कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सरगुजा जिले के 19 मंडलों में मंडल स्तरीय जनचौपाल आयोजित की गई। इन चौपालों के जरिए कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को मतदाता सूची की निगरानी तथा वैध मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक किया।
अभियान में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, AICC द्वारा नियुक्त सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक रामदेव राम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न मंडलों में शामिल हुए।
वैध मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूकता जरूरी : पटनायक
दरिमा ब्लॉक के करजी मंडल अंतर्गत ग्राम बेलटिकरा में आयोजित जनचौपाल को संबोधित करते हुए AICC के सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक ने कहा कि प्रत्येक वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है। मतदाता किसी भी राजनीतिक दल का समर्थक हो, उसके मताधिकार की रक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा सरकार पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर ऐसी व्यवस्था बनाने का आरोप लगाया, जिससे भाजपा समर्थक नहीं रहने वाले मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वयं अपने मतदाता पहचान पत्र और मतदाता सूची में दर्ज नाम की जांच करने की अपील की।
मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता का आधार बनाने की कोशिश का आरोप : सिंहदेव
अंबिकापुर के विभिन्न मंडलों में आयोजित जनचौपालों को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता का आधार बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि राशन, आयुष्मान योजना और जमीन के पट्टे जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को भी इससे जोड़ने की तैयारी हो सकती है।
सिंहदेव ने कहा कि मतदाता सूची की जांच केवल राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। लोगों को अपने साथ परिवार और आसपास रहने वाले वास्तविक निवासियों के नामों की भी पड़ताल करनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में संभावित बाहरी और गैर निवासी व्यक्तियों के नाम शामिल होने की आशंका पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार आपत्ति एवं सुधार की प्रक्रिया अपनाने का आह्वान किया।
16 नवंबर से सरगुजा दौरे पर रहेंगे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत 15 नवंबर से प्रदेश प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 16 नवंबर को सरगुजा पहुंचेंगे।
17 नवंबर को उदयपुर में बूथ स्तरीय जनचौपाल को संबोधित करेंगे। इसी दिन ग्राम साल्ही में परसा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली में बूथ स्तरीय जनचौपाल में शामिल होकर अंबिकापुर लौटेंगे।
18 नवंबर को वे जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद राजपुर पहुंचकर बूथ स्तरीय जनचौपाल को संबोधित करेंगे। सरगुजा प्रवास पूरा करने के बाद वे लोहरदगा रवाना होंगे।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति
कांग्रेस का यह अभियान केवल मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को भी सक्रिय करने की तैयारी में जुटी है। 19 मंडलों में जनचौपाल के आयोजन के बाद अब प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत का प्रस्तावित दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आगामी दिनों में बूथ स्तरीय बैठकों, ग्रामीण संवाद और मतदाता जागरूकता अभियान के जरिए कांग्रेस सरगुजा में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।