लटोरी के नवापारा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचीं महिला एवं बाल विकास मंत्री; बाल कविताएं सुनीं, स्वच्छता पर पूछे सवाल और उपहार देकर बढ़ाया नन्हे बच्चों का उत्साह
सूरजपुर। जन्मदिन की खुशियां अपनों के साथ बांटने के कई तरीके होते हैं, लेकिन जब यह अवसर उन बच्चों के बीच मनाया जाए, जिनके लिए किसी का थोड़ा-सा समय और अपनापन भी बड़ी खुशी बन जाए, तो आयोजन खास बन जाता है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन सूरजपुर जिले के ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर न्योता भोज में शामिल हुईं।
इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी भी मौजूद रहे। मंत्री के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया और सामूहिक रूप से ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गीत गाकर जन्मदिन की बधाई दी। बच्चों की मासूम आवाजों और उत्साह ने पूरे आयोजन को आत्मीय माहौल में बदल दिया।
बाल कविताओं और गीतों से बच्चों ने बांधा समां
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे और उनकी पढ़ाई, गतिविधियों तथा रुचियों के बारे में जानने का प्रयास किया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ अपना परिचय दिया और बाल कविताएं सुनाईं।
किसी ने ‘मछली जल की रानी है’ सुनाई तो किसी ने ‘आलू कचालू’ और ‘तितली रानी’ जैसी कविताओं से सबका ध्यान आकर्षित किया। मंत्री ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
चॉकलेट का रैपर कहां डालना चाहिए? बच्चों ने दिया सही जवाब
बच्चों से संवाद के दौरान मंत्री ने स्वच्छता और अच्छी आदतों से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्होंने जानना चाहा कि चॉकलेट खाने के बाद उसका रैपर कहां डालना चाहिए। बच्चों ने एक साथ जवाब दिया—डस्टबिन में। उनके सही जवाब पर मंत्री ने खुशी जाहिर करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने की आदत बचपन से विकसित करने की बात कही।
खुद भोजन परोसा, बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण न्योता भोज रहा। बच्चों के लिए चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित विभिन्न व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। भोजन से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया। इसके बाद मंत्री ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।
बच्चों के साथ एक ही पंगत में बैठकर भोजन साझा करने का यह दृश्य आयोजन की आत्मीयता को दर्शाता रहा। भोजन के बाद मंत्री ने बच्चों को टॉफियां और उपहार भी दिए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
पोषण और सामुदायिक सहभागिता का संदेश
आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित न्योता भोज का उद्देश्य बच्चों के पोषण और देखभाल के प्रति सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन बच्चों के साथ संवाद, उनके खान-पान और विकास से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का अवसर भी देते हैं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर उनके साथ खुशियां साझा कीं। इस दौरान प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी सहित अन्य उपस्थित लोगों ने भी बच्चों के साथ समय बिताया। बच्चों के गीत, कविताएं, सवाल-जवाब और खिलखिलाहट के बीच आयोजित यह कार्यक्रम जन्मदिन को एक सामाजिक और आत्मीय अवसर में बदल गया।