दीपावली अवकाश के दौरान स्कूल का पिछला दरवाजा तोड़कर दिया था वारदात को अंजाम, चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जरही स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में जरही निवासी 22 वर्षीय सूरज राजवाड़े को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए प्रिंटर, कंप्यूटर सीपीयू, बैटरी सहित विद्यालय की पूरी सामग्री बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संतोष भारती ने 10 नवंबर 2026 को थाना भटगांव में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दीपावली अवकाश के चलते विद्यालय बंद था। 10 नवंबर को जब स्कूल के भृत्य और स्वीपर साफ-सफाई के लिए पहुंचे और निरीक्षण किया, तब चोरी की जानकारी सामने आई।
अज्ञात चोर ने विद्यालय के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद स्टेशनरी सामग्री, दो प्रिंटर, चार बैट, एक कंप्यूटर सीपीयू और छह बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 215/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रिंटर और सीपीयू बेचने के लिए तलाश रहा था ग्राहक
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की शीघ्र पतासाजी और गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जरही निवासी सूरज राजवाड़े कंप्यूटर सीपीयू और प्रिंटर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने 7 नवंबर 2026 को विद्यालय के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
नर्सरी से बरामद हुआ चोरी का सामान
आरोपी की निशानदेही पर विद्यालय के पीछे स्थित नर्सरी से चोरी की गई सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में चार बंडल पेपर, दो प्रिंटर, चार बैट, एक कंप्यूटर सीपीयू, एक सादा रजिस्टर और छह बैटरियां शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी सूरज राजवाड़े पिता विफल राजवाड़े, उम्र 22 वर्ष, निवासी जरही, थाना भटगांव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा, एएसआई राजकिशोर खलखो, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक दिनेश ठाकुर, रजनीश पटेल, विनोद प्रताप सिंह और सैनिक बबलू राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।
विद्यालय में चोरी की घटना ने शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की सामग्री की बरामदगी के साथ मामले का खुलासा हो गया।