दीपावली पर भी भुगतान में हुई देरी से बढ़ी परेशानी, सचिव शहला निगार ने जल्द निराकरण का दिया भरोसा
सुजीत दत्ता/अंबिकापुर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय भुगतान में देरी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर संचालित करने वाली इन महिलाओं को अपने मेहनताने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी समय पर भुगतान नहीं होने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गईं।
इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ (पंजीयन क्रमांक 409) की प्रांताध्यक्ष कविता यादव ने 12 नवंबर 2026 को महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव एवं संचालक के नाम मांग पत्र जारी किया है। इसमें लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने और प्रत्येक महीने की 5 तारीख तक राशि बैंक खातों में जमा कराने की मांग की गई है।
संघ का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं की देखभाल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं, लेकिन सीमित मानदेय के भुगतान में देरी से उनके परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित होता है।
मामले में विभागीय सचिव शहला निगार ने जल्द निराकरण का आश्वासन दिया है। वहीं उप संचालक अजय शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को समय पर मानदेय देना विभाग की पहली प्राथमिकता है। जिन स्थानों पर भुगतान लंबित है, वहां जल्द राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
संघ की पांच प्रमुख मांगें
संघ ने लंबित मानदेय तत्काल जारी करने, हर महीने 5 तारीख तक भुगतान सुनिश्चित करने, निश्चित मासिक भुगतान समय-सारणी बनाने, बजट एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए अग्रिम व्यवस्था करने तथा भुगतान में अनावश्यक देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
संघ की प्रांताध्यक्ष कविता यादव ने उम्मीद जताई कि विभाग इन मांगों पर ठोस कार्रवाई करेगा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मांग रही हैं, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों के बदले मिलने वाला मानदेय समय पर चाहती हैं। अब देखना होगा कि विभागीय आश्वासन के बाद भुगतान व्यवस्था में कितना सुधार होता है।