उमेश्वरपुर में 45 वर्षीय महिला की मौत, उदयपुर में बुजुर्ग महिला ने गंवाई जान; पांच स्कूलों में छुट्टी, ड्रोन से हो रही निगरानी
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में पिछले छह महीने से जनहानि का कारण बना कबरा कान हाथी वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। सूरजपुर, सरगुजा और बलरामपुर के जंगलों में लगातार विचरण कर रहा यह हाथी एक बार फिर दो महिलाओं की मौत का कारण बना है। 11 नवंबर की रात सूरजपुर जिले के उमेश्वरपुर क्षेत्र के श्यामनगर में 45 वर्षीय दिलासो को कुचलकर मारने के बाद हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र पहुंच गया। यहां झिरमिटी में 70 वर्षीय महिला चेंगटी की मौत हो गई, जबकि धान की कटाई कर रही वर्षा ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका पैर टूट गया है।
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए झिरमिटी के आसपास के पांच स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर छुट्टी घोषित की गई है। वन विभाग ड्रोन और पांच अलग-अलग स्थानों पर तैनात टीमों के जरिए हाथी की निगरानी कर रहा है।
ट्रैंकुलाइज कर लगाया जाएगा सैटेलाइट रेडियो कॉलर
लगातार हो रही जनहानि के बाद प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने कबरा कान हाथी को ट्रैंकुलाइज कर उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी है। इस अभियान की जिम्मेदारी सूरजपुर और बलरामपुर के डीएफओ को संयुक्त रूप से सौंपी गई है। विशेषज्ञों और प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की टीम अभियान को अंजाम देगी।
रेडियो कॉलर के माध्यम से हाथी की लोकेशन और विचरण की दिशा की जानकारी वन विभाग को मिल सकेगी। इससे संभावित खतरे वाले गांवों को पहले से सतर्क करने और वन अमले को समय रहते तैनात करने में मदद मिलेगी। कॉलर लगाने के बाद हाथी की नियमित निगरानी होगी और प्रत्येक 15 दिन में शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
छह महीने से जारी हमलों ने बढ़ाई दहशत
कबरा कान हाथी झुंड से अलग विचरण करता है और सूरजपुर, प्रतापपुर, प्रेमनगर, रामानुजनगर, उदयपुर तथा बलरामपुर के वन क्षेत्रों में लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहता है। दीपावली के दौरान भी इसके हमले में मोहनलाल कंवर, कृष्णा राजवाड़े और विष्णु राम की मौत हुई थी। इसके बाद भी हमलों का सिलसिला नहीं थमा।
हाथी के हमलों में अब तक हुई मौतों को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में 15, 16, 17 और 18 के आंकड़े सामने आए हैं। ऐसे में वन विभाग से घटनाओं और जनहानि का स्पष्ट आधिकारिक विवरण जारी करने की आवश्यकता है।
निगरानी के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी जरूरी
वन विभाग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती हाथी की लोकेशन पता करने के साथ प्रभावित गांवों में समय रहते चेतावनी पहुंचाना है। ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने और हाथी के करीब पहुंचकर फोटो या वीडियो नहीं बनाने की सलाह दी गई है।
हालांकि, केवल रेडियो कॉलर और ड्रोन निगरानी से समस्या का समाधान नहीं होगा। प्रभावित गांवों में रात्रिकालीन गश्त, त्वरित सूचना तंत्र, प्रशिक्षित रेस्पॉन्स टीम और ग्रामीणों के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था भी जरूरी है।
लगातार जनहानि के बीच अब रेडियो कॉलर अभियान से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। वन विभाग की असली परीक्षा इस बात में होगी कि हाथी की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद कितनी तेजी से ग्रामीणों की जान बचाने के लिए कार्रवाई की जाती है।