जनजातीय गौरव सप्ताह पर पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने उठाया ऐतिहासिक प्रसंग; बिरसा मुंडा के उलगुलान और जल-जंगल-जमीन की लड़ाई को किया याद
रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की शहादत को याद करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी मौत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत ने बिरसा मुंडा को गिरफ्तार कर रांची जेल में बंद किया था, जहां 9 जून 1900 को मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्हें जहर देकर मार दिया गया। मुख्यमंत्री ने यह बात रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित इस पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने उनके जीवन संघर्ष, अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन और जनजातीय समाज के अधिकारों की लड़ाई का उल्लेख किया।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया उलगुलान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू में जन्मे बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के दौरान जनजातीय समाज की जमीन, जंगल और स्वाभिमान पर हो रहे हमलों के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। उन्होंने समाज को नशे और कुरीतियों से दूर रहने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और अन्याय के विरुद्ध संगठित होने का संदेश दिया।
बिरसा मुंडा ने ‘उलगुलान’ यानी महाक्रांति का नेतृत्व किया और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का नारा दिया। यह आंदोलन जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वशासन की आकांक्षा का प्रतीक बन गया।
25 वर्ष की उम्र में जेल में हुआ निधन
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अंग्रेजों ने बिरसा मुंडा को गिरफ्तार कर जेल में बंद किया और वहीं उन्हें जहर देकर मार दिया गया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष इतना प्रभावशाली था कि उनके आंदोलन के बाद जनजातीय भूमि अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी बदलावों की राह मजबूत हुई। वर्ष 1908 में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम लागू हुआ, जिसने आदिवासी जमीन के हस्तांतरण पर महत्वपूर्ण कानूनी रोक लगाई।
आज भी जनजातीय स्वाभिमान के प्रतीक हैं बिरसा मुंडा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इसी कारण जनजातीय समाज उन्हें भगवान और धरती आबा के रूप में सम्मान देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों का योगदान लंबे समय तक अपेक्षित पहचान से वंचित रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर इन महानायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम और छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम भी उपस्थित रहे।