विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम अंबिकापुर की पहल, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण और उपभोक्ता अधिकारों पर दिया गया विशेष जोर
सूरजपुर, 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित सेवा मानकों एवं उपभोक्ता हितों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, अंबिकापुर द्वारा सूरजपुर में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय कार्यपालन अभियंता (संचालन/संधारण), छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, सूरजपुर में किया गया।
कार्यशाला में घरेलू एवं गैर-घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली सेवाओं से जुड़े उनके अधिकारों, सेवा मानकों तथा शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक उपभोक्ता को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं प्राप्त करने का अधिकार है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष डी.के. सैनी ने बताया कि नए बिजली कनेक्शन, निम्न दाब कनेक्शन का कन्वर्जन, मीटर संबंधी शिकायतें, खराब या जले हुए मीटर का प्रतिस्थापन, बिजली बिल नहीं मिलने, बिलिंग त्रुटियों के सुधार, सुरक्षा जमा राशि की वापसी, विद्युत कनेक्शन विच्छेदन, लो-वोल्टेज की समस्या, नाम परिवर्तन, फ्यूज ऑफ कॉल, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत नेट मीटरिंग, सब्सिडी तथा टैरिफ श्रेणी परिवर्तन जैसी सेवाओं के लिए विद्युत वितरण कंपनी को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि यदि निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का समाधान नहीं होता या सेवा मानकों का पालन नहीं किया जाता, तो उपभोक्ता सीधे विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कार्यशाला में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, संबंधित कार्यालयों की भूमिका तथा सेवा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में उपभोक्ताओं को मिलने वाले प्रतिकर (मुआवजा) की जानकारी भी विस्तार से दी गई।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कर समयबद्ध समाधान प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता राजेश लकड़ा, कार्यपालन अभियंता बसंत सोम, सहायक अभियंता बंशरूप मरकाम, प्रतीक बारा, आशीष लकड़ा, विवेक पैकरा, अमर सिंह कंवर सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।