दिल्ली में महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड समारोह में मिली बड़ी उपलब्धि, सामाजिक नेतृत्व और मानवीय सेवा के योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान
सुजीत दत्ता/अंबिकापुर
समाजसेवा, सामाजिक नेतृत्व और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने वाले सूरजपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं औद्योगिक समूह पीआरए ग्रुप के सदस्य डॉ. राहुल अग्रवाल (टिंकू) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’ के अंतर्गत ‘अग्र गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा 14 नवंबर को जनपथ स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
विभिन्न सामाजिक, मानवीय सेवा, दिव्यांग सेवा, सांस्कृतिक, खेलकूद और जनकल्याणकारी गतिविधियों में उनके उल्लेखनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान सूरजपुर सहित पूरे सरगुजा अंचल के लिए गौरव का विषय है।
समाजसेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण
डॉ. राहुल अग्रवाल लंबे समय से समाजसेवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। सामाजिक एकता को मजबूत करने, दिव्यांगजनों की सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने, पर्यावरण संरक्षण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और कला के क्षेत्र में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।
व्यापार जगत में अपनी पहचान स्थापित करने के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और विभिन्न संस्थाओं में संगठनात्मक नेतृत्व की भूमिका ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई है। समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर सकारात्मक बदलाव की दिशा में उनके निरंतर प्रयास और सेवा भावना को इस सम्मान के लिए चयन का महत्वपूर्ण आधार माना गया।
देश-विदेश की हस्तियों को मिला ग्लोबल सम्मान
समारोह में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ अमेरिका, जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, नेपाल, मैनचेस्टर, हांगकांग, यूएई, दुबई और इंडोनेशिया सहित विभिन्न देशों से चयनित सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों को भी ग्लोबल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने समारोह की अध्यक्षता की। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और राष्ट्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील सिंघी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के प्रणेता एवं चेयरमैन प्रदीप मित्तल सहित देशभर से पहुंचे अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों और गणमान्यजनों की मौजूदगी में डॉ. राहुल अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय मंच पर सूरजपुर का बढ़ाया मान
डॉ. राहुल अग्रवाल (टिंकू) को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से सूरजपुर सहित पूरे सरगुजा अंचल के अग्रवाल समाज में हर्ष और गौरव का माहौल है। समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी निरंतर सक्रियता और समर्पण को मिली यह उपलब्धि अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सेवा भावना और सामाजिक समरसता से जुड़े इस प्रतिष्ठित सम्मान ने उनके सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।