सूरजपुर:जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष शशि सिंह की अध्यक्षता में साधु सेवा राम कुंज, सूरजपुर में संपन्न हुई। बैठक में नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर कांग्रेस को सक्रिय करना और वर्तमान जनसमस्याओं को लेकर आगे की रणनीति तय करना रहा। जिला अध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों को समन्वय के साथ काम करना होगा और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देनी होगी।
बैठक में मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान में देरी, काम की कमी और ग्रामीण बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही एसआईआर को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई और आगामी दिनों में आंदोलनात्मक कार्यक्रमों पर विचार किया गया। नेताओं ने कहा कि वर्तमान नीतियों से ग्रामीण और कमजोर वर्ग प्रभावित हो रहे हैं।
बैठक के दौरान कुछ प्रमुख पदाधिकारियों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। सूत्रों के अनुसार जिला नेतृत्व ने इस पर संज्ञान लिया है और आगे आवश्यक निर्णय लिया जा सकता है।
अंत में आगामी जनसंपर्क अभियान, आंदोलन और संगठन विस्तार को लेकर रूपरेखा तय की गई। बैठक में अखिलेश प्रताप सिंह, संजय दोषी, मेहंदी यादव, लवकेश गुर्जर, महेंद्र साहू मेही सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
