कुमदा बस्ती में आबकारी टीम की दबिश, 2500 नकली ढक्कन और 200 नकली रैपर-लेबल बरामद
सूरजपुर। जिले में मिलावटी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने कुमदा बस्ती में एक व्यक्ति के घर दबिश देकर बड़ी मात्रा में नकली शराब के ढक्कन, रैपर और मिलावटी शराब बरामद की है।
आबकारी टीम के मुताबिक, आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसे अलग-अलग ब्रांड की बोतलों में भरकर बेचता था। कार्रवाई के दौरान टीम ने 2500 नकली ढक्कन, 200 नकली रैपर/लेबल, 12 लीटर मिलावटी शराब और अनेक खाली शराब की शीशियां जब्त की हैं।

टीम ने मौके से मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू आदि ब्रांड के नाम वाले रैपर और शराब की शीशियां भी बरामद कीं।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर 26 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां रिमांड के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी और नगर सैनिक रोहित सोनवानी शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने कहा है कि मिलावटी शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।