Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

नेपाल आपदा: छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की जानकारी मिली, 2 अब भी लापता; रायपुर के 5 सुरक्षित लौट रहे।

Priyanshu Ranjan

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सरकार ने बढ़ाई निगरानी, परिजनों और केंद्रीय एजेंसियों से लगातार समन्वय

रायपुर, 28 अगस्त 2026। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार लगातार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटा रही है।

- Advertisement -

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति के संबंध में जानकारी सामने आई है। इनमें दो के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, जबकि रायपुर के पांच नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। ये पांचों नागरिक रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं बिलासपुर की प्रियंका चौधरी और सुरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता के अब भी लापता होने की सूचना है।

- Advertisement -

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

See also  15 साल से बदहाल डिगमा-सरगवां सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 24 जुलाई को चक्का जाम और सांकेतिक धरने का ऐलान

65 वर्षीय मंजू राय चौधरी की भी मिली जानकारी

बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन करने के साथ आवश्यक समन्वय कर रहा है।

प्रियंका और डॉ. मीना गुप्ता अब भी लापता

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वह फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं।

वहीं सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता भी नेपाल में लापता हैं। डॉ. मीना यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं और उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित

रायपुर के माना क्षेत्र निवासी दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय

आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी लगातार जुटा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। साथ ही नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया है।

See also  छत्तीसगढ़ की सरकारी खरीदी में पारदर्शिता की नई मिसाल, GeM ने दिलाया सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड,

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हेल्पलाइन नंबर

टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070

कंट्रोल रूम: 0771-2223471

Share This Article