अंबिकापुर । मॉन्टफोर्ट स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए सीबीएसई कक्षा 12 वीं परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय की छात्रा शीना मेहता ने 97.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर न केवल स्कूल बल्कि पूरे सरगुजा जिले का नाम रोशन किया है। शीना ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इन विद्यार्थियों ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
विद्यालय के अन्य मेधावी विद्यार्थियों में दिव्या तिग्गा एवं आयुष ठाकुर ने 92.4-92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं ऋषिकेश संदीप ने 88 प्रतिशत, अनुराग पाण्डेय एवं कनकश्री ने 87-87 प्रतिशत, वंशिका सिंह ने 86 प्रतिशत, पवन प्रकाश ने 85.5 प्रतिशत, प्रेसी कुर्रे ने 85.4 प्रतिशत तथा लवन्या सिंह ने 85 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष विद्यार्थियों ने सभी संकायों में बेहतर प्रदर्शन किया है। शिक्षकों की सतत निगरानी, नियमित टेस्ट एवं अनुशासित अध्ययन व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम परीक्षा में देखने को मिला।
मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का मिला परिणाम :
विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर सेवक गेब्रियल ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने कहा कि मॉन्टफोर्ट स्कूल हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देता रहा है। विद्यालय विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखकर उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देता है।
अभिभावकों में भी खुशी का माहौल :
बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के बाद अभिभावकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। कई अभिभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल द्वारा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, जिसका परिणाम हर वर्ष उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के रूप में सामने आता है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।