Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

आरक्षक के सूने घर में चोरी, 80 हजार से अधिक के जेवर-नकदी पार

Priyanshu Ranjan

ड्यूटी पर था आरक्षक, पत्नी दूसरे मकान में सोई; सुबह टूटा मिला ताला

कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम सिविलदाग में चोरों ने एक आरक्षक के सूने घर को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर नकदी और जेवरात समेत 80 हजार रुपये से अधिक का सामान पार कर दिया। घटना के समय आरक्षक ड्यूटी के सिलसिले में करौंधा थाना में था, जबकि उसकी पत्नी पुराने मकान में सोने चली गई थी।

- Advertisement -

जानकारी के अनुसार ग्राम सिविलदाग निवासी रंजीत टोप्पो (45) करौंधा थाना में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। गुरुवार को वह ड्यूटी के कारण करौंधा में ही रुके थे। उनकी पत्नी रोजालिया टोप्पो रात में नए मकान में ताला लगाकर कुछ दूरी पर स्थित पुराने घर में सोने चली गईं।

- Advertisement -

शुक्रवार सुबह जब वह नए घर पहुंचीं तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पेटी में रखे 5 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, चांदी की पायल समेत अन्य जेवरात गायब मिले।

पति को दी सूचना

चोरी की जानकारी मिलते ही पत्नी ने आरक्षक पति को फोन किया। घर पहुंचने के बाद दोनों ने सामान की जांच की। इसमें 80 हजार रुपये से अधिक के जेवर, नकदी और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई।

आरक्षक रंजीत टोप्पो ने कुसमी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

See also  गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की सख्ती, चार ट्रैक्टर जब्त

रेकी के बाद चोरी की आशंका

घटना को लेकर आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर के खाली होने की जानकारी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरी से जुड़े संभावित सुरागों की जांच कर रही है। हालांकि वारदात में कौन शामिल है, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा।

Share This Article