अंबिकापुर। सरगुजा में बारिश ने एक बार फिर अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी है। भारत माता चौक से दरिमा नाका के बीच सड़क पर भारी जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान इस मार्ग पर हर साल यही स्थिति निर्मित होती है। पिछले वर्ष भी सड़क पर जलभराव को लेकर जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर कई दावे किए गए, लेकिन एक साल बाद हालात फिर जस के तस नजर आ रहे हैं।
करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की स्थिति में स्थायी सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बारिश शुरू होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और आवागमन जोखिम भरा हो जाता है।
स्थानीय लोगों का सीधा सवाल है कि हर साल मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे या सड़क और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान भी किया जाएगा? लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा सड़क का स्थायी सुधार कराने की मांग की है।




