मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से ग्रामीणों को घर के नजदीक मिलेंगी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं
रायपुर, 21 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सुकमा जिले में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में जिले के 39 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए गए हैं।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए। माइक्रो एटीएम की सुविधा शुरू होने से अब ग्रामीणों को सामान्य बैंकिंग जरूरतों के लिए दूर स्थित बैंक शाखाओं तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
धान की राशि और योजनाओं की रकम गांव में ही निकाल सकेंगे
माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसान और ग्रामीण अपने गांव के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र पर ही एटीएम कार्ड से राशि निकाल सकेंगे। धान बिक्री से प्राप्त राशि के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि की नगद निकासी भी गांव में ही संभव होगी।
इस सुविधा से ग्रामीणों का समय और बैंक आने-जाने का खर्च बचेगा। विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
बैंक जाने की परेशानी से मिलेगी राहत
माइक्रो एटीएम के माध्यम से ग्रामीणों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बैंक शाखा जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। इससे गांवों में डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा मिलने के साथ ही वित्तीय सेवाओं की पहुंच भी व्यापक होगी।
ऐसे हितग्राही, जिनका आधार आधारित भुगतान सिस्टम सक्रिय नहीं है, वे भी माइक्रो एटीएम के माध्यम से आवश्यक राशि निकाल सकेंगे। इससे अधिक से अधिक ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।
‘बैंक आपके गांव में’ की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं को गांव तक पहुंचाने की यह पहल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे सुकमा के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल वित्तीय सेवाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को अपने ही गांव में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
माइक्रो एटीएम संचालन की दी गई जानकारी
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में डीडीपी पंचायत श्री शंकर बघेल, सीएससी राज्य कार्यालय रायपुर के सीनियर मैनेजर श्री नीरज हरदेव और सीएससी जिला प्रबंधक श्री शेख शाहरुख उपस्थित रहे। कार्यशाला में ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम के संचालन तथा ग्रामीणों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
सुकमा में शुरू की गई यह सुविधा किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और अन्य हितग्राहियों के लिए ‘बैंक की सुविधा अब गांव में’ की दिशा में सार्थक पहल है। इससे ग्रामीणों को अपने ही गांव में सरल, सहज और सुविधाजनक वित्तीय सेवाएं उपलब्ध होंगी।




