अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में रिंग रोड स्थित बौरीपारा तालाब के पास आईपीएस अधिकारी के बेटे लेखांश कान्त के साथ गाली-गलौज और बेल्ट-कड़ों से मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आशुतोष गुप्ता (22 वर्ष) और गणेश उर्फ गोलू (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले मामले में आरोपी रतन गुप्ता की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गणेश उर्फ गोलू के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर मामला दर्ज है। वह पिछले वर्ष बौरीपारा क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था। उक्त प्रकरण अपराध क्रमांक 781/2025 के तहत दर्ज बताया गया है।
पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।