Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

छठ मनाने गए दो परिवारों के घरों में लाखों की चोरी, ताला तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े चोर

Priyanshu Ranjan

अंबिकापुर के गोधनपुर में शिक्षक और व्यवसायी के मकान बने निशाना, 15 से 20 लाख रुपये की चोरी का अनुमान; डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ जांच में जुटी गांधीनगर पुलिस

अंबिकापुर। छठ महापर्व मनाने घर से बाहर गए दो परिवारों के मकानों को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शहर के गोधनपुर इलाके में रविवार शाम हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चोरों ने एक शिक्षक और उनके पड़ोस में रहने वाले व्यवसायी के घर के ताले तोड़कर अलमारियों में रखे कीमती सामान पार कर दिए। दोनों परिवारों ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये बताई है।

- Advertisement -

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

- Advertisement -

तीन घंटे में दो मकानों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर निवासी मनोज सिंह शिक्षक हैं और राजपुर में पदस्थ हैं। रविवार शाम करीब 4 बजे वे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर घुंघुट्टा डैम में छठ पूजा मनाने गए थे। करीब 7 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर पहुंचने पर कमरों के दरवाजों के ताले भी टूटे मिले। चोरों ने तीन अलमारियों को तोड़कर सामान खंगाला था। इनमें से दो अलमारियों में रखे जेवर और नकदी गायब थे।

See also  किराए का मकान दिखाने के बहाने घर में घुसे, ससुर पर चाकू से किया जानलेवा हमला; इलाज के दौरान मौत, 4 आरोपी गिरफ्तार

इसी दौरान जानकारी मिली कि उनके पड़ोस में रहने वाले व्यवसायी संजय सिन्हा के मकान में भी चोरी हुई है। वहां भी चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर जेवर और नकदी पार कर दी थी।

दोनों परिवारों को 15 से 20 लाख का नुकसान

शिक्षक मनोज सिंह और व्यवसायी संजय सिन्हा के मुताबिक, दोनों घरों से चोरी गए जेवर और नकदी की कुल कीमत लगभग 15 से 20 लाख रुपये है। वारदात की जानकारी गांधीनगर थाने में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि, फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

छत पर दिखा काले जैकेट वाला संदिग्ध युवक

शिक्षक मनोज सिंह ने आशंका जताई कि आरोपियों ने वारदात से पहले दोनों मकानों की रेकी की होगी। उन्हें संभवतः इस बात की जानकारी थी कि दोनों परिवार छठ पर्व मनाने घर से बाहर गए हैं।

उन्होंने बताया कि घर लौटने के दौरान उनके साढ़ू के ड्राइवर ने छत पर एक व्यक्ति को देखा था। शोर मचाने पर काले जैकेट में दिखाई दिया युवक छत से नीचे कूदकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

शिक्षक ने वारदात में नशेड़ियों के शामिल होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, चोरी में कौन शामिल था और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल गांधीनगर पुलिस संदिग्धों की तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

See also  जयनगर के कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में नया मोड़, पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज; पुलिस हर पहलू की कर रही जांच,
Share This Article