Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

आस्था के महापर्व में मुख्यमंत्री की सहभागिता, पत्नी कौशल्या साय के साथ कुनकुरी घाट पर सूर्यदेव को अर्पित किया अर्घ्य

Priyanshu Ranjan

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए की प्रार्थना, छठ व्रतियों को दी शुभकामनाएं

जशपुर/कुनकुरी। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर सोमवार की सुबह कुनकुरी का छठ घाट श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचे और उगते सूर्यदेव को विधि-विधान से उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया की पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

- Advertisement -

छठ घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के परिवारजनों के बीच इस पवित्र महापर्व में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों में छठ पर्व के प्रति गहरी आस्था और अटूट श्रद्धा है।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। यह महापर्व हमें प्रकृति, जल और जीवन के आधार सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

सूर्य की पहली किरण के साथ गूंजे छठी मैया के जयकारे

कुनकुरी छठ घाट पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। सूर्य की पहली किरण के साथ व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। पारंपरिक छठ गीतों और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

See also  CM मोहन यादव आज करेंगे ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ का शुभारंभ, वॉटर प्रोजेक्शन और लेजर शो के साथ होगी रंगारंग शुरुआत

इस अवसर पर जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

चार दिनों तक चलने वाला कठिन और पवित्र अनुष्ठान

उल्लेखनीय है कि चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना के अवसर पर व्रती दिनभर उपवास रखकर शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत का पारण किया जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ व्रत संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए किया जाता है। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, पारिवारिक मंगलकामना और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता है।

Share This Article