Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

सूरजपुर में 4 लाख 11 हजार 111 दीपों से रोशन हुआ सेवा संकल्प अभियान

Priyanshu Ranjan

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया दीप प्रज्ज्वलित, घर-घर जले दीप; सेवा संकल्प रथ को भी दिखाई हरी झंडी

सूरजपुर। सेवा, संकल्प, जनभागीदारी और सकारात्मकता के संदेश के साथ सूरजपुर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। अभियान की पहली पहल ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत जिलेभर में 4 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित रंगमंच में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

- Advertisement -

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी दीप जलाकर सहभागिता निभाई। वहीं जिले के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में घर-घर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विद्यालयीन छात्र-छात्राओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

- Advertisement -

एक माह तक होंगे जनसेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई है। अभियान के दौरान आगामी एक माह तक जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

See also  सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने युवाओं से मनीषा कसेरा ने की भागीदारी की अपील

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, सहयोग और जनभागीदारी से जोड़ना है।

घर-घर जला आशीर्वाद का दीया

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों ने अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, हितग्राहियों और आम नागरिकों की भागीदारी से अभियान को व्यापक जनसहभागिता का स्वरूप मिला।

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि सूरजपुर जिले में बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि गांव-गांव से लोगों का जुड़ना जनभागीदारी की तस्वीर प्रस्तुत करता है।

स्थानीय आदिवासी कला और संस्कृति ने बांधा समां

जिला स्तरीय कार्यक्रम में सूरजपुर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोककला और परंपराओं की भी झलक देखने को मिली। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी दिया गया।

सेवा संकल्प रथ को मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ‘सेवा संकल्प रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएगा।

मंत्री ने कहा कि रथ के माध्यम से योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं को समझ सकें और उनका लाभ लेने के लिए जागरूक हो सकें।

See also  प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर बन रहा भारत, सूरजपुर मीडिया कॉन्क्लेव में बोलीं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा

विकसित भारत 2047 में नागरिकों की भागीदारी पर जोर

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य नागरिकों की सहभागिता से पूरा होने वाला संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष का उल्लेख करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और निर्णयों की जानकारी दी।

उन्होंने जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल भुगतान, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही अनुच्छेद 370, तीन तलाक के विरुद्ध कानून और महिला आरक्षण से संबंधित कानूनों को भी महत्वपूर्ण निर्णयों के रूप में बताया।

मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, वन मंडलाधिकारी विपुल जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

सूरजपुर में 4 लाख 11 हजार 111 दीपों से शुरू हुआ यह अभियान अब सेवा संकल्प रथ के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Share This Article