दुकान की दीवार तोड़कर की थी लाखों की चोरी, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रेमनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
सूरजपुर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सामान की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2.10 लाख कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर चोरी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस को इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को ग्राम सलका निवासी कृष्ण कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17-18 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी मोनू मोबाइल दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुस गए और 16 मोबाइल फोन, 2 सीसीटीवी कैमरे, एक एलईडी टीवी तथा ₹2 हजार नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत ₹2,86,550 आंकी गई थी।
मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस की सक्रियता से घबराकर 9 मोबाइल फोन कबीर चबूतरा के पास छोड़कर फरार हो गए हैं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में मुनेश्वर सिंह उईके (21), दिलीप कुमार उर्फ मंगलू (20) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर मुल्ले प्रताप सिंह (19) को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के 4 मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी टीवी को पुलिस के डर से नदी में फेंक दिया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और शेष सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विराट बिशी, एएसआई गुड्डू कुशवाहा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र पटेल, विनय किस्पोट्टा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।