प्रेमनगर विधायक बोले- परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के लिए केंद्र उठा रहा ठोस कदम,
सूरजपुर। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार की पहल का समर्थन करते हुए कांग्रेस और ‘इंडी गठबंधन’ पर राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष इस विषय पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।
जारी बयान में विधायक मरावी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ काम कर रही है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने, फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था और कानूनी प्रावधानों को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना और युवाओं का विश्वास मजबूत करना है। केंद्र सरकार संवाद और समाधान की नीति पर आगे बढ़ते हुए छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
विधायक मरावी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘इंडी गठबंधन’ के दल छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर भ्रम और असंतोष का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य समाधान नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ हासिल करना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि देश का युवा वर्ग जागरूक है और वह सकारात्मक कार्यों तथा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच का अंतर अच्छी तरह समझता है।