Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

‘घर-घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान’ महाअभियान के तहत 31,955 आयुष्मान और 8,707 वय वंदन कार्ड बनाए जाएंगे, स्वास्थ्य टीमें घर-घर पहुंचेंगी

Priyanshu Ranjan

आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों के लिए सुनहरा मौका, 16 से 18 जुलाई तक जिलेभर में विशेष शिविर

सूरजपुर, 15 जुलाई 2026। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से वंचित पात्र हितग्राहियों के लिए सूरजपुर जिले में 16 से 18 जुलाई तक “घर-घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान” महाअभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले के सभी पात्र नागरिकों तक आयुष्मान योजना का लाभ पहुंचाना है।

- Advertisement -

 

- Advertisement -

जिले में अब तक 7,61,093 आयुष्मान कार्ड तथा 13,893 आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके बावजूद 31,955 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड और 8,707 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड अभी बनना शेष हैं। इन्हें इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करेंगी। इसके अलावा पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इस कार्य में आयुष्मान मित्र, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, आरएचओ, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बैंक सखी तथा च्वाइस सेंटर के वीएलई की सेवाएं ली जाएंगी।

ये दस्तावेज साथ लाना होगा

निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए हितग्राहियों को अपने साथ:

राशन कार्ड (जिसमें नाम दर्ज हो)

आधार कार्ड

मोबाइल नंबर

लेकर शिविर में पहुंचना होगा।

अभियान के दौरान पात्र एपीएल परिवारों के भी आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। योजना के तहत एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपये तक, जबकि बीपीएल राशन कार्डधारी परिवारों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलती है। गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की सहायता भी उपलब्ध है।

See also  डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर बोले— हर नागरिक बने साइबर सुरक्षा का प्रहरी, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर थाना-चौकी प्रभारियों को किया गया सम्मानित,

कलेक्टर रेना जमील ने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर अपना एवं अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें भी स्वास्थ्य सुरक्षा का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही लोगों से अपने आसपास के पात्र परिवारों को भी इस अभियान की जानकारी देने का आग्रह किया गया है।

Share This Article