अंबिकापुर। सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 11 ट्रकों और 33 बसों सहित कुल 44 भारी वाहनों से अवैध प्रेशर हॉर्न जब्त किए गए।
मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 119(2) के तहत सभी 44 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ट्रक चालकों से ₹22,000 तथा बस चालकों से ₹66,000 सहित कुल ₹88,000 का समन शुल्क वसूला गया।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आम नागरिकों को तेज ध्वनि से राहत दिलाना तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।