भरत शर्मा की रिपोर्ट
रतलाम। इंदौर में हाल ही में दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण कई लोगों की मौत हो जाने और सैकड़ों लोगों के आज भी जीवन–मृत्यु से संघर्ष करने की घटनाओं को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर और संवेदनशील समय में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा निम्न स्तर के शब्दों का प्रयोग किए जाने तथा प्रदेश सरकार द्वारा किसी भी प्रकार की जवाबदारी नहीं लेने पर जनता में गहरा रोष है।
इसी के विरोध में मंगलवार को रतलाम में शहर जिला और सभी मोर्चा संघठनों कांग्रेस द्वारा घंटा बजाओ आंदोलन आयोजित किया जाएगा। आंदोलनकारियों का कहना है कि रतलाम शहर में भी जलप्रदाय की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। कई क्षेत्रों में गंदा और दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे इंदौर जैसी भयावह घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा,स्वच्छ जल उपलब्ध कराने वाली कई मोटरें एवं कनेक्शन नगर निगम द्वारा काट दिए गए हैं, जिससे नागरिकों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
आंदोलन के तहत दोपहर 12.15 बजे शहीद चौक पर इंदौर जल त्रासदी में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात न्यू रोड, दो बत्ती चौराहा और स्टेशन रोड होते हुए स्थानीय मंत्री चैतन्य कश्यप के निवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान प्रदेश की मोहन सरकार को बर्खास्त करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने शहर के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।



