Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

नशे के खिलाफ मनेन्द्रगढ़ से बड़ा संकल्प, PIB के मंच पर प्रशासन-मीडिया ने मिलकर छेड़ी निर्णायक जंग,

Priyanshu Ranjan

मनेन्द्रगढ़। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में मनेन्द्रगढ़ से एक महत्वपूर्ण संदेश सामने आया है। भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रायपुर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ के होटल हसदेव इन में वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, मीडिया और युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

- Advertisement -

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना तथा मीडिया के माध्यम से नशामुक्ति के संदेश को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों तक पहुंचाना रहा।IMG 20260810 WA0010

- Advertisement -

कार्यक्रम में PIB रायपुर के उपनिदेशक (मीडिया एवं संचार) रमेश जयभाये, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संतन देवी जांगड़े, PIB भोपाल के निदेशक मनीष गौतम, छत्तीसगढ़ बंधु पत्रिका के संपादक मधुकर द्विवेदी, माय भारत जिला समन्वयक कोरिया चहल कैलाशिया, एमसीबी प्रेस क्लब अध्यक्ष रंजीत सिंह तथा पत्रकार संघ मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष प्रवीण ऋषि सहित जिले के पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लोक संस्कृति की प्रस्तुति से शुरू हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। नाचा दल ने “अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार, इंद्रावती हर पखारे तोर पांव” जैसे लोकप्रिय पारंपरिक गीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद “मोर संग चलव गा” छत्तीसगढ़ी गीत के माध्यम से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से दिखाया गया कि नशे की लत किस तरह व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करती है। प्रस्तुति में एक हंसते-खेलते परिवार के नशे के कारण बिखरने की कहानी के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका : मनीष गौतम

See also  डॉ. भानुप्रिया ने प्रेमी को किया था आखरी मैसेज

PIB भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया देश का चौथा स्तंभ है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और जनजागरूकता अभियानों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और समन्वित बनाने से सरकार की योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की सही और समय पर जानकारी पहुंचना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही उपलब्ध सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ उठा सकता है।

नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर

नशामुक्ति अभियान को लेकर मनीष गौतम ने कहा कि ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की जरूरत है। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नशामुक्ति केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मीडिया, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की भागीदारी से इस अभियान को जनआंदोलन बनाया जा सकता है।

MY Bharat से जुड़ेंगे युवा, नशामुक्ति अभियान में निभाएंगे नेतृत्व की भूमिका

माय भारत जिला समन्वयक कोरिया चहल कैलाशिया ने युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) पोर्टल की उपयोगिता और गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि MY Bharat भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता, स्वयंसेवा, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है।IMG 20260810 WA0009

See also  अरावली केस पर SC ने ‘100 मीटर वाली परिभाषा’ के अपने ही फैसले पर लगाई रोक, 4 राज्यों को नोटिस

उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान में युवाओं की भागीदारी मजबूत करने में MY Bharat प्रभावी माध्यम बन सकता है। जिले में युवाओं के साथ नियमित कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणाम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर संवाद किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी के समन्वय से स्कूलों में भी नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि युवा “हम नशामुक्त हैं” जैसे संदेश सोशल मीडिया पर साझा करें और अन्य युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। ‘माय भारत रन’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

युवाओं को नशे से बचाने के लिए पहले उनकी परेशानी समझना जरूरी : कलेक्टर

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने कहा कि नशे की समस्या को केवल कानून और कार्रवाई के नजरिए से देखने के बजाय उसके पीछे छिपे सामाजिक एवं व्यक्तिगत कारणों को समझना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कई बार युवा तनाव, चिंता, अकेलेपन, पारिवारिक परिस्थितियों, पढ़ाई या रोजगार के दबाव अथवा भविष्य को लेकर असमंजस के कारण गलत संगति में पड़ जाते हैं और नशे को अपनी परेशानियों से बाहर निकलने का माध्यम समझने लगते हैं।

ऐसे में केवल उन्हें नशे से रोकना पर्याप्त नहीं है। उनकी समस्याओं को समझकर उनसे संवाद करना और सही मार्गदर्शन देना भी जरूरी है।

कलेक्टर ने कहा कि परिवार, स्कूल, समाज, प्रशासन और मीडिया को मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करना होगा, जहां युवा अपनी परेशानियां खुलकर साझा कर सकें। युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

उन्होंने मीडिया से अपील की कि नशामुक्ति अभियान के संदेश को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने के साथ उन लोगों की प्रेरक कहानियां भी सामने लाई जाएं, जिन्होंने नशे को छोड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी है।

See also  सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील का औचक निरीक्षण, कला केंद्र और पंचकर्म सेंटर की व्यवस्थाओं पर सख्त निर्देश

रमेश जयभाये ने कहा—नशामुक्ति को जन आंदोलन बनाना जरूरी

PIB रायपुर के उपनिदेशक रमेश जयभाये ने अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की पहुंच गांव-गांव तक है। ऐसे में ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ जैसे संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि नशे के नुकसान की जानकारी देने के साथ उन लोगों की प्रेरक कहानियों को भी सामने लाया जाए, जिन्होंने नशा छोड़कर सम्मानजनक और सफल जीवन की शुरुआत की है। ऐसी कहानियां युवाओं में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास पैदा करने में मदद करेंगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार, सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना जरूरी है। परिवार, विद्यालय, प्रशासन, सामाजिक संगठन और मीडिया मिलकर युवाओं के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करें तो नशे की प्रवृत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है।

मनेन्द्रगढ़ से निकला स्पष्ट संदेश—नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश सामने आया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी कार्रवाई तक सीमित नहीं रह सकती। इसके लिए परिवार, समाज, प्रशासन, मीडिया और युवाओं को एकजुट होकर लगातार प्रयास करना होगा।

मनेन्द्रगढ़ में आयोजित PIB के इस संवाद कार्यक्रम ने नशामुक्ति को लेकर जागरूकता, संवाद और जनभागीदारी की आवश्यकता को सामने रखा। युवाओं को सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश अब केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर गांवों, स्कूलों, महाविद्यालयों और नगरीय क्षेत्रों तक निरंतर पहुंचना चाहिए।

Share This Article