Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

अंबिकापुर निगम ने की शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में बेतरतीब ढंग से लगने वाले ठेले-गुमटियों को व्यवस्थित करने की तैयारी

Priyanshu Ranjan

अंबिकापुर ।

- Advertisement -

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में बेतरतीब ढंग से लगने वाले ठेले-गुमटियों को व्यवस्थित करने की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। कला केंद्र, सर्किट हाउस, आकाशवाणी, सदर रोड, गुदरी बाजार चौक, चौपाटी और अस्पताल सहित यातायात प्रभावित क्षेत्रों में ठेले- गुमटियों को हटाकर व्यवस्थित वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए शहर में नए वेंडिंग जोन चिह्नित करने के साथ ठेला संचालकों की गणना भी कराई जाएगी।
महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी के मार्गदर्शन में निगम आयुक्त विनय अग्रवाल के निर्देश पर मंगलवार को बाजार विभाग की सलाहकार समिति की बैठक हुई। प्रभारी बाजार विभाग अनिता रविंद्र गुप्त ‘भरती’ के नेतृत्व में हुई बैठक में बाजारों के व्यवस्थित संचालन और यातायात की समस्या दूर करने को लेकर कई प्रस्ताव रखे गए।

- Advertisement -

ठेला संचालकों का होगा सर्वे,जारी होंगे परिचय-पत्र

शहर के वेंडिंग और नो वेंडिंग जोन में लगने वाले स्थायी और चलित ठेले- गुमटियों की गणना कर परिचय पत्र जारी करने का प्रस्ताव रखा गया। सब्जी बाजारों में स्थायी और अस्थायी रूप से बैठने वाले व्यवसायियों का भी सर्वे कराया जाएगा। नो वेंडिंग जोन में दुकान लगाने वालों को चिह्नित कर उनके लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

वेंडिंग जोन में मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं

बैठक में वेंडिंग जोन में नियमित सफाई, पानी, बिजली और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। पंजीकृत वेंडरों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निगम में एकल खिड़की व्यवस्था शुरू करने तथा श्रमिक पंजीयन, स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने शिविर लगाने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा चौपाटी में केवल आवंटित दुकानदारों को ही व्यवसाय की अनुमति देने, कला केंद्र की दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता बरतने, भगवानपुर में निर्माणाधीन बाजार का व्यवस्थित आवंटन और प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास पौनी- पसारी योजना की दुकानों के संचालन पर भी चर्चा की गई। निगम के उडऩदस्ते को नो वेंडिंग जोन का नियमित निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का सुझाव दिया गया।
बैठक में पार्षद शैलेश सिंह, अशोक सोनवानी, विमला सोनी, जे. कुजूर, सालेम केरकेट्टा सहित बाजार विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। समिति ने दीपावली और छठ पूजा के बाद प्रस्तावों को पूरी तरह लागू करने का सुझाव दिया।

See also  छत्तीसगढ़ में दो नई सुविधाएं:25 हजार अतिरिक्त शुल्क देकर घर बैठे कराएं रजिस्ट्री

धनतेरस-दिवाली पर बाजार में भीड़, निगम ने बनाई अस्थायी पार्किंग व्यवस्था

धनतेरस और दिवाली पर बाजार में बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने शहर में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की है। देवीगंज रोड, सदर रोड, स्कूल रोड और जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख बाजारों में जाम की स्थिति से बचने के लिए नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की गई है। नगर निगम ने देवीगंज रोड पर निशांत मेडिकोज के बगल में स्थित भूमि, महामाया चौक के लिए नगर निगम स्कूल मैदान, गुदरी चौक के लिए मल्टीपर्पज स्कूल मैदान तथा ब्रह्म रोड और सदर रोड के लिए पुराने बस स्टैंड एवं राज्य परिवहन डिपो स्थित मैदान में अस्थायी पार्किंग बनाई है।
निगम ने नागरिकों और बाजार आने वाले ग्राहकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि त्योहार के दौरान यातायात सुचारू बना रहे और आम नागरिकों व व्यापारियों को परेशानी न हो।

Share This Article