ऑपरेटर के नौकरी छोड़ने के बाद नई नियुक्ति नहीं, कैशलेस इलाज और भर्ती सुविधा बंद होने से ग्रामीणों में नाराजगी,
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत गुमगराकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले एक महीने से आयुष्मान भारत योजना की सेवाएं पूरी तरह बंद पड़ी हैं। ऑपरेटर के नौकरी छोड़ने के बाद अब तक नए ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं होने से मरीजों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र में फिलहाल केवल ओपीडी के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जा रहा है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली कैशलेस इलाज और भर्ती की सुविधा पूरी तरह ठप है। इसका सबसे अधिक असर प्रसव कराने वाली महिलाओं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ रहा है, जिन्हें समय पर योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ऑपरेटर के पद रिक्त होने की जानकारी खंड चिकित्सा अधिकारी को दे दी गई है, लेकिन अब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके चलते अस्पताल में आयुष्मान योजना का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
क्षेत्रवासियों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द नए ऑपरेटर की नियुक्ति कर आयुष्मान भारत योजना की सेवाएं बहाल की जाएं, ताकि गरीब मरीजों को कैशलेस उपचार की सुविधा दोबारा मिल सके।