जिले के उपार्जन केंद्रों में तैयारियां तेज,किसानों की सुविधा, पारदर्शी खरीदी और सुव्यवस्थित व्यवस्था पर फोकस
सूरजपुर/10 नवंबर 2026
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी को सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिले में इस वर्ष धान विक्रय के लिए कुल 68531 किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 10 नवंबर से धान विक्रय के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। टोकन जारी होने के पहले दिन आज कुल 64 किसानों को टोकन जारी किया गया। टोकन व्यवस्था के माध्यम से किसानों को निर्धारित तिथि पर अपनी उपज उपार्जन केंद्रों में लाने की सुविधा मिलेगी, जिससे केंद्रों में धान की आवक व्यवस्थित रहेगी और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकेगा।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन में संबंधित विभागों एवं समितियों द्वारा उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही है। केंद्रों में धान की आवक, तौल, भंडारण एवं परिवहन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किया जा रहा हैं। किसानों के लिए छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
धान खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों का सत्यापन, बारदाने की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, कंप्यूटर एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित खरीदी से संबंधित आवश्यक उपकरणों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण के लिए चबूतरा, कैप कव्हर एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने खरीदी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों के पंजीयन, टोकन व्यवस्था और खरीदी से संबंधित प्रक्रियाओं को सुचारू बनाए रखने के साथ ही सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा है। धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां जारी हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अपनी उपज विक्रय करने के लिए सहज और सुविधाजनक वातावरण मिले तथा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पारदर्शिता एवं सुचारू व्यवस्था के साथ संपन्न हो।