Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

वोट रक्षक और चारपाई चौपाल से गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस, सूरजपुर में चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

Priyanshu Ranjan

वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान तेज करने की तैयारी, मतदाता सूची की पारदर्शिता पर जोर; दिल्ली की महारैली में सूरजपुर से जाएंगे 300 से अधिक कार्यकर्ता

मतदाता अधिकारों की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अब वोट रक्षक और चारपाई चौपाल के माध्यम से पंचायतों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधे संवाद करेगी। सूरजपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, निर्वाचन आयोग की जवाबदेही और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सुरक्षित रखने जैसे मुद्दे उठाए।

- Advertisement -

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक डॉ. देवाशीष पटनायक और छत्तीसगढ़ सहप्रभारी जरिता लैतफलांग ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से चुनाव प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

- Advertisement -

मतदाता सूची से नाम हटाने के मामलों की जांच करेगी कांग्रेस

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। नेताओं का कहना था कि यदि पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, तो ऐसे मामलों की पहचान कर उन्हें संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा।

See also  डीएमएफ से बनी 20 लाख की सीसी सड़क 17 माह में बदहाल, जगह-जगह उखड़ी गिट्टियां

कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच उठ रही चिंताओं का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।

पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची की बूथ स्तर पर समीक्षा कर उन मामलों को चिह्नित किया जाएगा, जिनमें पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका है।

तीन चरणों में चलेगा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान

कांग्रेस नेताओं ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि पहले चरण में जिला मुख्यालयों पर पत्रकार वार्ता के माध्यम से मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। दूसरे चरण में मतदान केंद्र स्तर पर मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण किया जाएगा।

तीसरे चरण में बूथ, मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर पर रणनीति बनाकर पंचायतों तथा गांवों तक पहुंच बनाई जाएगी। इसके लिए वोट रक्षक और चारपाई चौपाल जैसे जनसंपर्क कार्यक्रमों का सहारा लिया जाएगा।

पार्टी नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को मतदाता सूची की जांच करने, अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में उचित मंच पर शिकायत करने के लिए प्रेरित करना है।

दिल्ली की महारैली में सूरजपुर से जाएंगे 300 से अधिक कार्यकर्ता

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने बताया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में सूरजपुर जिले से 300 से अधिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि जिले के कार्यकर्ता विभिन्न माध्यमों से दिल्ली पहुंचेंगे। कांग्रेस के विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी भी रैली में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि यह आयोजन मताधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का माध्यम होगा।

See also  राष्ट्रपति से मिलने से रोके गए पण्डो जनजाति के लोग, प्रशासन पर गंभीर सवाल,

पत्रकार वार्ता में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में जिला प्रभारी गुलाब कमरों, पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अपुर शफी अहमद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दानिश रफीक और जिला अध्यक्ष शशि सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता के वोट की रक्षा और चुनाव व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। पार्टी ने मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को गांवों और पंचायतों तक पहुंचाने की बात कही।

TAGGED:
Share This Article