बिलासपुर में अरुण साव, दुर्ग में विजय शर्मा और सरगुजा में रामविचार नेताम करेंगे राज्योत्सव कार्यक्रम में शिरकत
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव 2026 मनाया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन ने मुख्य अतिथियों की जिला-वार सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों में केंद्रीय राज्य मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस वर्ष राज्योत्सव का आयोजन सशक्त नारी, युवा उड़ान थीम पर किया जाएगा। जिला मुख्यालयों में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
इन जिलों में मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
राज्य शासन के आदेश के अनुसार जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
सरगुजा में रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखन लाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि होंगे। बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पाण्डेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज, महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दंतेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेंद्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगी।
विधायकों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी
कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े, मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल, कोंडागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विकास योजनाओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
राज्योत्सव के दौरान सभी जिला मुख्यालयों में विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें विभागीय उपलब्धियों, कल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे और योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा।
शासन ने कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टरों को मुख्य अतिथियों के परामर्श से कार्यक्रम तय करने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
1 से 3 नवंबर तक रोशन होंगे सरकारी भवन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। संबंधित विभाग अपने बजट से इसकी व्यवस्था करेंगे।
राज्योत्सव 2026 के माध्यम से प्रदेश की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और स्थानीय सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच देने की तैयारी की जा रही है।