Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

प्रेमनगर में पुलिस का शिकंजा, 44 लाख का गांजा जब्त; बोलेरो छोड़कर भाग रहा तस्कर गिरफ्तार,

Priyanshu Ranjan

सूरजपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो को भी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 की रात थाना प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक CG 16 CN 7570 में अवैध गांजा परसाकेते की ओर से बचरापोड़ी, जिला कोरिया की तरफ ले जाया जा रहा है।

- Advertisement -

सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस ने रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बोलेरो चालक वाहन लेकर बस्ती की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे ब्रम्हपुर में पकड़ लिया।

- Advertisement -

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान, पिता स्व. अयुब खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि रोकने का प्रयास किए जाने के बाद उसने बोलेरो को अस्पताल परिसर में छिपा दिया और वाहन छोड़कर बाइक से लिफ्ट लेकर भागने की कोशिश कर रहा था।

See also  जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक 24 घंटे के भीतर बरामद, सरगुजा पुलिस ने आरोपी को दबोचा,

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोलेरो वाहन की तलाशी ली। वाहन से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा, आरक्षक सत्यम सिंह, हरिशचंद दास, दीपक यादव, बृजेश काशी एवं संतोष ठाकुर की सक्रिय भूमिका रही।

नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और आमजन के सामूहिक प्रयास से ही सूरजपुर को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

Share This Article