Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: पिता के साथ लौट रही 13 वर्षीय रिद्धिमा की मौत, परिवार में मातम

Priyanshu Ranjan

सूरजपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ग्राम पंचायत केशवनगर के बड़कापारा के पास शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा रिद्धिमा जैन की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ स्कूल में पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होकर बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान गिट्टी लदे ट्रैक्टर से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में पिता को भी हल्की चोटें आई हैं।

पैरेंट्स मीटिंग से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के नवापारा निवासी एलआईसी एजेंट पंकज कुमार जैन शुक्रवार सुबह अपनी बेटी रिद्धिमा के साथ बाइक क्रमांक CG 15 CC 0655 से विश्रामपुर स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल पहुंचे थे। वहां आयोजित पैरेंट्स मीटिंग समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों सूरजपुर लौट रहे थे।

- Advertisement -

इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर केशवनगर के बड़कापारा के पास गिट्टी लदे ट्रैक्टर क्रमांक CG 15 CQ 5992 से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद पिता-पुत्री सड़क पर गिर पड़े और रिद्धिमा ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया

घटना की सूचना मिलने पर विश्रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विकास देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाया गया और पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बेटी की मौत से परिवार में शोक

रिद्धिमा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल में भी इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है।

पिता के साथ स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होकर घर लौट रही छात्रा की मौत से परिवार और क्षेत्र के लोग गहरे सदमे में हैं। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article