सूरजपुर । प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूलन सिंह मरावी ने सूरजपुर नगर के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में नगर पालिका परिषद सूरजपुर से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए स्वीकृति और अधिकारियों की पदस्थापना की मांग की गई है।
विधायक भूलन सिंह मरावी ने नगर पालिका परिषद सूरजपुर में अकाउंटेंट, सब इंजीनियर और एसडीओ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग करते हुए कहा कि नगर की बढ़ती आबादी और विकास कार्यों के चलते प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। अधिकारियों की कमी के कारण विकास योजनाओं के संचालन और कार्यों के क्रियान्वयन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हाट बाजार और चौपाटी निर्माण के लिए 261.92 लाख की मांग…
विधायक भूलन सिंह मरावी ने वार्ड क्रमांक-16 स्थित हाट बाजार के जीर्णोद्धार एवं चौपाटी निर्माण के लिए 261.92 लाख रुपये की स्वीकृति की मांग भी की है। प्रस्तावित कार्यों में हाट बाजार निर्माण, हाट बाजार निर्माण पार्ट-02 तथा चौपाटी निर्माण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बुधवार और रविवार को यहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त शेड, बैठने की व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
विधायक ने कहा कि यदि प्रस्ताव स्वीकृत होते हैं तो बाजार क्षेत्र में पक्के शेड, चबूतरे, गुमटियां तथा अन्य सुविधाओं का विकास होगा, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
नगर के समग्र विकास को मिलेगी नई दिशा
विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि इन सभी प्रस्तावों के स्वीकृत होने से सूरजपुर नगर की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
मटन मार्केट के व्यवस्थित निर्माण की मांग
विधायक ने नगर क्षेत्र में संचालित मटन मार्केट के व्यवस्थित निर्माण एवं व्यवस्थापन के लिए 60.54 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग की है, प्रस्तावित योजना में शेड निर्माण, सीमेंटेड प्लेटफॉर्म, ड्रेनेज व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत सुविधा तथा कचरा प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित किए जाने का प्रस्ताव शामिल है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बाजार में पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में व्यापारियों और नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। व्यवस्थित निर्माण होने से स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।