Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

सरगुजा में दो बड़े मामलों पर बढ़ा पुलिस पर दबाव: दुष्कर्म आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली घेराव, करोड़ों की उठाईगिरी पर 5 घंटे हाईवे जाम,

Priyanshu Ranjan

अंबिकापुर में नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज, सीतापुर में एक करोड़ के जेवर चोरी मामले में व्यापारियों का प्रदर्शन,

अंबिकापुर | 1 अगस्त 2026।

- Advertisement -

सरगुजा जिले के दो चर्चित आपराधिक मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और खुलासा नहीं होने से पुलिस पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अंबिकापुर में नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया, वहीं भाजपा महिला मोर्चा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर सीतापुर में करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात चोरी (उठाईगिरी) के मामले का खुलासा नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद कर पांच घंटे तक नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया।

- Advertisement -

दुष्कर्म आरोपी पर इनाम, फिर भी पुलिस के हाथ खाली

20 जुलाई को ग्रामीण क्षेत्र में एक नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी तरुण जायसवाल अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी या उसके संबंध में सूचना देने वाले के लिए पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।

आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज परिजन और ग्रामीण गुरुवार शाम पूर्व पार्षद सतीश बारी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा ने भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुभंगी बिहाड़े ने कहा कि पीड़िता और उसका परिवार भय और मानसिक आघात की स्थिति में है। ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

See also  रतलाम : साप्ताहिक 160 वां स्वास्थ्य शिविर संपन्न ;BP ,शुगर,ऑक्सीजन की नि:शुल्क जांच हुई,श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन द्वारा कालिका माता मंदिर के पीछे शिविर आयोजित

करोड़ों की उठाईगिरी से व्यापारियों में आक्रोश

दूसरी ओर, सीतापुर में 26 जुलाई को एक ज्वेलरी व्यवसायी की स्कूटी से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात से भरा बैग चोरी होने के मामले में भी पुलिस को अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में भारी नाराजगी है।

शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार पूरी तरह बंद रखा और कारगिल चौक पर लगभग पांच घंटे तक नेशनल हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।

मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने व्यापारियों से चर्चा कर मामले के खुलासे के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। पुलिस के आश्वासन के बाद शाम करीब पांच बजे चक्काजाम समाप्त किया गया। प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस को निर्बाध रूप से गुजरने दिया गया, जबकि अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया।

दोनों घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इन मामलों ने जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article