Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

साइबर ठगी के 113 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा, सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Priyanshu Ranjan

देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों से जुड़ा मामला, कमीशन के रूप में मिले 13 लाख रुपये; एक आरोपी अब भी फरार

सूरजपुर। देशभर में फैले साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में संचालित एक संस्था के बैंक खाते के माध्यम से 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों से जुड़े कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये के लेनदेन का पता चला है। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के बदले आरोपियों को कमीशन के रूप में 13 लाख रुपये मिले थे। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के ज्वाइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (JCCTMS) के माध्यम से विभिन्न बैंकों में संचालित संदिग्ध खातों की जानकारी प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सूरजपुर के एक बैंक खाते से बड़े पैमाने पर साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का खुलासा हुआ।

- Advertisement -

संस्था के नाम पर खुलवाया गया था बैंक खाता

पुलिस की जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से संस्था का पंजीयन कराकर बैंक खाता खुलवाया था। पुलिस ने खाते से संबंधित केवाईसी दस्तावेज और बैंक विवरण प्राप्त कर जांच की।

इस खाते को लेकर देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतें सामने आईं। जांच में कुल 1,13,32,09,604 रुपये की साइबर ठगी से जुड़ी रकम का इस खाते के माध्यम से लेनदेन होना पाया गया। इसके बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।

See also  वोट रक्षक और चारपाई चौपाल से गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस, सूरजपुर में चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

13 करोड़ के लेनदेन पर मिला 13 लाख रुपये कमीशन

पुलिस विवेचना में पता चला कि 23 अप्रैल 2025 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में लगभग 13 करोड़ रुपये की ठगी से जुड़ी रकम का लेनदेन हुआ था। इस लेनदेन के बदले कमीशन के रूप में कुल 13 लाख रुपये प्राप्त हुए थे।

जांच के अनुसार, कमीशन की रकम जिशान खान द्वारा चेक और एटीएम के माध्यम से बैंक से निकाली गई। पुलिस ने रकम के बंटवारे को लेकर भी जानकारी जुटाई है। इसमें देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपये, अमन पासवान को 2 लाख रुपये और जिशान खान को 2.5 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई है। आरोपियों ने इस रकम को खर्च करना बताया है।

पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में देवनारायण चक्रधारी को पूर्व में गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है।

मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं नगर पुलिस अधीक्षक विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर अमन पासवान (32 वर्ष), पिता श्रीराम पासवान, निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर तथा जिशान रजा (30 वर्ष), पिता रियाजुल खान, निवासी नावापारा, सूरजपुर को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

See also  Ratlam News; ऊंकाला रोड स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर के बाहर मांस मिलने से हड़कंप, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज,धार्मिक भावनाएं भड़काने की साजिश

एक आरोपी फरार, पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, उप निरीक्षक सकलूराम भगत एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों से जुड़े इस मामले में 113 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का खुलासा साइबर अपराध के व्यापक नेटवर्क की ओर संकेत करता है। अब पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र ठगी की रकम के वास्तविक स्रोत, विभिन्न बैंक खातों में हुए हस्तांतरण और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाना है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और धन के लेनदेन की कड़ियों की जांच से इस नेटवर्क के अन्य पहलुओं के उजागर होने की उम्मीद है।

Share This Article