Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का किया वर्चुअल अनावरण, बलरामपुर को ₹202.65 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

Priyanshu Ranjan

काका लरंग साय की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण, बलरामपुर को ₹202.65 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनसेवा में काका लरंग साय के योगदान को किया याद, शंकरगढ़ में स्कूल भवन और चांदो में सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा

- Advertisement -

आज24.in | रायपुर/बलरामपुर | 28 अक्टूबर 2026

- Advertisement -

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से बलरामपुर जिले के ग्राम चिरई-जसवंतपुर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने काका लरंग साय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनसेवा, जनजातीय समाज के उत्थान और सरगुजा अंचल के विकास में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिले को 202 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत के 2,009 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 156 करोड़ 68 लाख रुपये के 1,863 कार्यों का भूमिपूजन और 45 करोड़ 97 लाख रुपये के 146 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

जनसेवा और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा जीवन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय का जीवन गरीबों, वंचितों, जनजातीय समाज और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा। अविभाजित मध्यप्रदेश में विधायक, सांसद और मंत्री के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी।IMG 20261028 WA0012 scaled

See also  CG NEWS : मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर किया हमला

मुख्यमंत्री ने काका लरंग साय के साथ अपने आत्मीय संबंधों को याद करते हुए कहा कि पहली बार विधायक बनने के बाद से ही उन्हें उनके संपर्क में रहने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान काका लरंग साय अक्सर उनके निवास पर आया करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सरल स्वभाव, सहज व्यक्तित्व और जनता के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ स्वर्गीय लरंग साय के आत्मीय संबंध थे और अटल जी उनका विशेष सम्मान करते थे।

शंकरगढ़ में नया स्कूल भवन, चांदो में बनेगा सामुदायिक भवन

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। शंकरगढ़ स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के जर्जर भवन के स्थान पर नए विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। चांदो में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण होगा।

इसके अलावा स्वर्गीय लरंग साय की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए उनकी प्रतिमा स्थल के समीप भव्य स्मृति द्वार बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्मृति द्वार उनके जनसेवा और क्षेत्र के विकास में योगदान की याद दिलाता रहेगा।

प्रधानमंत्री आवास और विशेष पिछड़ी जनजातियों के कल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस्तर में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से मांगे गए 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवासों को भी स्वीकृति मिली है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, कमार, बैगा और अबूझमाड़िया जैसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लगभग 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। इन समुदायों को बिजली, पेयजल, राशन कार्ड और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी काम किया जा रहा है।

See also  भाजयुमो जिलाध्यक्ष देव गुप्ता ने राष्ट्रमंडल रजत विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को दी बधाई, कहा- छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान,

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 360 नए केंद्र खुलेंगे

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।

किसानों की सुविधा के लिए प्रदेशभर में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इससे किसानों को उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी कम होगी और खरीदी केंद्रों में भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है।

तेंदूपत्ता संग्राहकों और भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई है। इसके साथ ही चरण पादुका योजना भी दोबारा शुरू की गई है।

प्रदेश के साढ़े पांच लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य गरीबों, किसानों, श्रमिकों और वनांचल के परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

सुशासन और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए काम कर रही है। मंत्रालय में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है तथा शासकीय सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सुलभ बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। सरकार का प्रयास है कि शिकायतों का समयबद्ध निराकरण हो और आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

See also  343 सड़क प्रोजेक्ट का विवाद पहुंचा पुलिस चौकी, पूर्व लेखापाल पर कंपनी ने लगाए गंभीर आरोप; वायरल ऑडियो और कथित कैश-बुक भी जांच के घेरे में

रामविचार नेताम बोले—लरंग साय के सपनों को साकार करना हमारी जिम्मेदारी

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उनका योगदान केवल सामरी क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे सरगुजा अंचल के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरगुजा अंचल में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। बलरामपुर जिले को 202 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने से सड़क, पुल-पुलिया, तालाब और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। स्वर्गीय लरंग साय ने क्षेत्र के विकास का जो सपना देखा था, उसे साकार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया प्रेरणादायी व्यक्तित्व

महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय जनजातीय समाज के प्रमुख नेता और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। भारतीय जनसंघ से जुड़े रहकर उन्होंने सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों, गरीबों और जनजातीय समाज के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बलरामपुर जिले सहित पूरे सरगुजा अंचल में विकास और जनकल्याण के कार्यों को और गति मिलेगी।

कार्यक्रम में विधायक उध्देश्वरी पैकरा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, बब्रुवाहन महाराज, ओम प्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

IMG 20261028 WA0008

Share This Article