अंबिकापुर। स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को ड्राई डे के बावजूद अवैध रूप से शराब बेचने वाले एक ऑटो चालक के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता एवं जिला आबकारी सरगुजा की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर बाबूपारा निवासी आनंद सोनी के किराए के मकान में दबिश देकर बड़ी मात्रा में विदेशी मदिरा जब्त की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के ऑटो से 8 PM व्हिस्की की 7 नग बोतल, फ्रिज से 12 नग सिंबा बीयर और 6 नग गॉडफादर बीयर, जबकि कमरे से 13 नग व्हिस्की और 16 बीयर केन बरामद किए। आबकारी टीम ने कुल 27.2 लीटर विदेशी मदिरा जब्त की।
आबकारी विभाग ने शराब के अवैध परिवहन एवं बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे आरोपी के ऑटो और फ्रिज को भी सीज कर दिया। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल दाखिल कर दिया गया।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय के निर्देशन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



