Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

सूरजपुर में स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा, CMHO ने दिए शत-प्रतिशत उपलब्धि के निर्देश

Priyanshu Ranjan

सेवा संकल्प अभियान, स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार और टीबी मुक्त भारत अभियान पर विशेष जोर

सूरजपुर। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, खंड कार्यक्रम प्रबंधकों एवं ब्लॉक डेटा मैनेजर की बैठक लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की।

- Advertisement -

बैठक में डॉ. प्रशांत सिंह ने सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु एवं प्रभावी संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

- Advertisement -

सेवा संकल्प अभियान के तहत मेगा हेल्थ कैंप पर जोर

बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। डॉ. प्रशांत सिंह ने सभी विकासखंडों में विशेष मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं वयो वंदना कार्ड बनाने तथा आयुष्मान कार्ड को आधार से लिंक करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

See also  ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी होते ही सूरजपुर कांग्रेस में गुटीय संघर्ष तेज...

टीबी मुक्त भारत अभियान पर विशेष फोकस

डॉ. प्रशांत सिंह ने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लाभार्थियों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों का पंजीयन और स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपलब्ध हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही एक्स-रे जांच की सुविधा उपलब्ध कराने तथा संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार शुरू कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि 2 अक्टूबर को जिले की टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों तथा टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाए।

‘आंगन का उत्सव’ के जरिए स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं से जोड़ने की पहल

बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ गतिविधियों के तहत ग्रामीणों को आंगनबाड़ी केंद्रों तक लाकर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान महिलाओं, बच्चों एवं गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए।

मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के महत्व एवं लाभों के बारे में जागरूक करने तथा शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही नागरिकों को अंगदान के लिए प्रेरित करने और देहदान के संबंध में आवश्यक पहल करने को भी कहा गया।

See also  कलेक्टर रेना जमील ने शिक्षा व्यवस्था की ली समीक्षा, शाला प्रवेशोत्सव से छात्रावासों तक दिए सख्त निर्देश

प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, खंड कार्यक्रम प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचना जरूरी है। शासन की योजनाओं एवं अभियानों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन ही उनकी वास्तविक सफलता है।

Share This Article