Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

कॉरपोरेट हितों के लिए आदिवासियों की जमीन पर संकट, भाजपा सरकार पर बरसे कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत

Priyanshu Ranjan

जल-जंगल-जमीन से लेकर धान खरीदी और स्मार्ट मीटर तक उठाए सवाल, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी

- Advertisement -

दीपक बैज, चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव ने भी प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश

- Advertisement -

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार जनता के हितों के बजाय कॉरपोरेट घरानों के इशारे पर काम कर रही है। विकास के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। यह आरोप नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन कांग्रेस के लिए केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि आम जनता और आदिवासी समाज के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता का विषय है।

बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में सुखदेव भगत ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। नियुक्ति के बाद 16 नवंबर से शुरू हुए अपने दौरे के दौरान वे जशपुर, सरगुजा और सूरजपुर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने बूथ स्तरीय चौपालों में भाग लिया और ग्राम साल्ही में परसा-केंते कोयला खनन परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की।

आदिवासी जमीन और कोयला खनन को लेकर सरकार पर हमला

सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आदिवासियों के हितों की अनदेखी कर उनकी जमीनों पर कब्जा करने और कोयला खदानें खुलवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने फर्जी जनसभाओं और जबरन तरीकों से आदिवासियों की सहमति दर्शाने के आरोप भी लगाए।

See also  भाजयुमो में नई संगठनात्मक नियुक्तियां, कोमल पटेल बने सूरजपुर संगठन प्रभारी, आनंद ताम्रकार जिला सहप्रभारी

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज के अधिकारों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। कांग्रेस शासनकाल में विधानसभा में वन क्षेत्रों में नई खदानें नहीं खोलने के संबंध में सर्वसम्मति से संकल्प पारित किया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार उस संकल्प की भावना के विपरीत काम कर रही है। उन्होंने इसे आदिवासी हितों के साथ विश्वासघात बताया।

प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर भगत ने कहा कि कांग्रेस में विचारों की स्वतंत्रता और आंतरिक लोकतंत्र है। सभी नेता केंद्रीय नेतृत्व के निर्णयों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों के साथ एकजुट हैं।

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान बूथ स्तर तक पहुंचेगा

प्रेसवार्ता के बाद राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक आयोजित की गई। इसमें सुखदेव भगत ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और आगामी राजनीतिक संघर्ष के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया है। चुनाव आयोग जैसी महत्वपूर्ण संस्था की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।

उन्होंने संगठनात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब संगठन में कार्यकर्ता की सक्रियता और उसके काम को आगे बढ़ने का आधार बनाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बैठक को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ऐसी व्यवस्था बनाने में जुटी है, जिसमें मतदाता की स्वतंत्र पसंद और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंडल और बूथ स्तरीय चौपालों के माध्यम से कथित वोट चोरी के मुद्दे के साथ महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और धान खरीदी में अनियमितताओं को जनता के बीच ले जाएगी।

See also  विकास के नाम पर लूट का आरोप! छत्तीसगढ़ में जंगल-जमीन और खनन को लेकर AAP का बड़ा खुलासा...

राहुल गांधी के संघर्ष को आजादी की लड़ाई से जोड़ा

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि देश की आजादी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कायम रखने के लिए कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लंबा संघर्ष किया था। आज उसी संघर्ष से हासिल मताधिकार पर खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के वोट देने के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इसी अधिकार की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रही है। उन्होंने मौजूदा आंदोलन की तुलना आजादी के दौर में अंग्रेजों के खिलाफ हुए संघर्ष से की।

राशन कार्ड, स्मार्ट मीटर और धान खरीदी पर सिंहदेव ने उठाए सवाल

पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश सरकार को राशन कार्ड, स्मार्ट मीटर और धान खरीदी के मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकी प्रक्रियाओं के नाम पर आम नागरिकों, किसानों और हितग्राहियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

सिंहदेव ने आरोप लगाया कि त्योहारों के ठीक पहले डिजिटलीकरण के नाम पर बड़ी संख्या में राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न अधिकार से वंचित किया गया। एग्रीस्टैक पंजीयन के दौरान पात्र किसानों के रकबे शून्य घोषित किए जाने और उन्हें अपात्र किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी उपभोक्ताओं की शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। धान खरीदी में कथित मनमानी को लेकर भी उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

सिंहदेव ने कहा कि जब सरकार का ध्यान आम नागरिकों की समस्याओं के बजाय सत्ता और वोट के समीकरणों पर केंद्रित हो जाता है, तब जनता के बुनियादी सवाल पीछे छूट जाते हैं।

See also  सरगुजा में कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

संगठन की मजबूती पर जोर, बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद

विस्तारित बैठक में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ लेवल एजेंट तथा विभिन्न स्तरों के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।

Share This Article