अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार में जमीन बेचने की बात को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे मुकेश सिंह (38) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक रामाशंकर सिंह ने घरेलू काम के लिए बैंक से कर्ज लिया था। समय पर कर्ज नहीं चुका पाने के कारण ब्याज सहित राशि बढ़कर करीब 8 लाख रुपये हो गई थी। बैंक की ओर से भुगतान का दबाव बनाए जाने पर रामाशंकर सिंह ने अपनी जमीन बेचकर कर्ज चुका दिया। इसी बात को लेकर उनका बेटा मुकेश नाराज था।
शुक्रवार रात जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान मुकेश ने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामाशंकर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतक के बड़े भाई मधुवन शंकर सिंह ने शनिवार सुबह दरिमा पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की।
आरोपी को भेजा गया जेल
दरिमा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। रविवार को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में दरिमा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे, एसआई राजेश तिवारी, एएसआई मनोज सिंह सहित थाना स्टाफ के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।