अंबिकापुर । शहर में महिला के साथ दरिंदगी के बाद हुई निर्मम हत्या के मामले में आरोपी अब तक फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश है। लगातार विरोध-प्रदर्शन के बीच पुलिस ने आरोपी पर कुल 35 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
जिला कांग्रेस कमेटी पिछले कई दिनों से मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रही है। मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा ने आरोपी पर 30 हजार रुपए तथा डीआईजी राजेश अग्रवाल ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने कहा है कि जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में सटीक जानकारी देगा या उसकी गिरफ्तारी में मदद करेगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार 3 अप्रैल को सद्भावना चौक के पास 42 वर्षीय महिला का शव मिला था। महिला का चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले दुष्कर्म किया और फिर हत्या कर दी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में की है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ढाई वर्षों में महिला अपराध और नशे का कारोबार में तेजी से बढ़ोतरी : आदित्येश्वर
हाल ही में हुई महिला की जघन्य हत्या के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को मौन कैंडल मार्च निकाला। राजीव भवन से सद्भावना चौक तक निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कैंडल मार्च के बाद सद्भावना चौक पर मृत महिला को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के कार्यकर्ता शामिल रहे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में महिला अपराध और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन पर नियंत्रण करने में विफल रही है।
युवा कांग्रेस की राष्ट्र्रीय सचिव लिली श्रीवास ने कहा कि घटना बेहद दर्दनाक है और इसकी तुलना निर्भया कांड जैसी घटनाओं से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि पुलिस आरोपी को साइको बताकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। जब तक आरोपी खुलेआम घूम रहा है, तब तक और घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों और नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत बताई।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक पीडि़ता को न्याय नहीं मिलता और कानून व्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
