क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की नीलामी पर होगा मंथन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने और महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन की दिशा में आज नवा रायपुर में महत्वपूर्ण रोड शो आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त के तहत यह आयोजन नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
रोड शो में सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिकारी, खनन क्षेत्र के विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए
भारत सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त के अंतर्गत 20 खनिज ब्लॉक्स को नीलामी के लिए रखा है। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं।
इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन सहित कई महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं।
इन खनिजों को देश की ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक आवश्यकताओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। रोड शो में इन खनिज ब्लॉक्स की संभावनाओं के साथ निवेश के अवसरों पर भी चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में उद्घाटन सत्र
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे पंजीयन एवं चाय के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथि के आगमन एवं दीप प्रज्ज्वलन के बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान होगा।
इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन के खनिज संसाधन विभाग के सचिव स्वागत उद्बोधन देंगे। खान मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव उद्घाटन उद्बोधन करेंगे। इसके बाद भारत सरकार के खान सचिव, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष संबोधित करेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं केंद्रीय कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपना संबोधन देंगे।
टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी का शुभारंभ
रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की जाएंगी। मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान होगा। कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग के प्रशिक्षण के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी एमओयू किया जाएगा।
कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन तथा तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
निवेश और नीलामी प्रक्रिया पर तकनीकी सत्र
दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।
मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड द्वारा नीलामी के लिए प्रस्तावित खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। वहीं एसबीआई कैप्स द्वारा मिनरल ऑक्शन प्रोसेस एवं टेंडर डॉक्यूमेंट तथा एमएसटीसी द्वारा मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित एनएमईडीटी योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा।
तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और विशेषज्ञों के साथ नीलामी प्रक्रिया, खनिज संसाधनों की संभावनाओं तथा निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी।
नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के संचालन की समीक्षा
रोड शो के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें पहले से नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा होगी।
खनन परियोजनाओं को तेजी से शुरू करने तथा केंद्र एवं राज्य स्तर पर आवश्यक समन्वय को लेकर भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद माइन विजिट प्रस्तावित है।
खनिज क्षेत्र में निवेश को नई दिशा मिलने की उम्मीद
नवा रायपुर में आयोजित होने वाला यह रोड शो छत्तीसगढ़ सहित देश में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण, नीलामी और खनन को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार, उद्योग जगत, निवेशकों तथा खनन क्षेत्र के विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय से छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों में निवेश की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है। साथ ही तकनीक आधारित पोर्टल और पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया से खनिज क्षेत्र को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।




