सूरजपुर। थाना जयनगर पुलिस ने चोरी का मोबाइल खरीदकर रखने और उसका लॉक तोड़कर इस्तेमाल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का मोबाइल भी बरामद किया गया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरपुर अम्बिकापुर निवासी क्षितिज कुमार ने थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून 2026 को वह अपने दोस्त विशाल के स्कूटी से सूरजपुर में दोस्त के बर्थडे पार्टी में गया था। शाम को अम्बिकापुर लौटते समय अजबनगर में स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों स्कूटी को पैदल काली घाट की ओर ले जा रहे थे तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। उन्होंने पेट्रोल दिलाने और वापस छोड़ने का झांसा दिया।
क्षितिज उनके साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर वैष्णवी पेट्रोल पंप पहुंचा। वहां एक आरोपी ने फोन करने के बहाने मोबाइल मांग लिया और दोनों मोटरसाइकिल पर भाग निकले।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले में चोरी के सभी मामलों की बारीकी से विवेचना करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में थाना जयनगर पुलिस ने सूचना के आधार पर संदिग्ध मोहम्मद सरफराज साह (उम्र 26 वर्ष, निवासी मायापुर, थाना कोतवाली अम्बिकापुर) को पकड़ा। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने चोरी का एक मोबाइल खरीदकर रखा था और सज्जाद अंसारी (निवासी मोमिनपुरा, अम्बिकापुर) से लॉक तोड़वाकर उसका इस्तेमाल कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने सज्जाद अंसारी (उम्र 29 वर्ष, पिता मोहम्मद उमर अंसारी, निवासी मोमिनपुरा, थाना कोतवाली अम्बिकापुर) को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, प्रधान आरक्षक दीपक दुबे, सुशील तिवारी, आरक्षक सुरेश साहू और अम्बिका मरावी सक्रिय रहे।




