Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

अंबिकापुर में सड़क, बिजली व सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सरगुजा कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,,,

Priyanshu Ranjan

अंबिकापुर । अंबिकापुर शहर में सड़क, बिजली और सफाई व्यवस्था की लगातार बिगड़ती हालत को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए शहर की मूलभूत समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

- Advertisement -

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में अघोषित बिजली कटौती, जर्जर सड़कें और चरमराई सफाई व्यवस्था ने आम नागरिकों का जीवन बेहाल कर दिया है, लेकिन संबंधित विभाग और भाजपा शासित नगर निगम पूरी तरह गैर जिम्मेदार रवैया अपनाए हुए हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि गर्मी की शुरुआत से ही अंबिकापुर शहर लगातार बिजली संकट से जूझ रहा है। बिजली विभाग द्वारा घंटों मेंटेनेंस के नाम पर कटौती की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद आपूर्ति व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिख रहा। वहीं स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं को मनमाने और भारी-भरकम बिजली बिल दिए जा रहे हैं, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है।

- Advertisement -

मानसून से पहले नालों की सफाई नहीं, जलभराव का खतरा :

कांग्रेस नेताओं ने शहर की सफाई व्यवस्था को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि शहर के अधिकांश बड़े नाले और नालियां गंदगी से पटे पड़े हैं। सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर नाले जाम हो चुके हैं। मानसून आने में महज एक माह का समय बचा है और यदि समय रहते सफाई नहीं हुई तो शहरवासियों को जलभराव, गंदगी और बीमारियों का सामना करना पड़ेगा।
नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने कहा कि स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान बनाने वाला अंबिकापुर आज निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण कूड़े के ढेर में तब्दील होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित नगर निगम ने कई महीनों से सफाई ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया, जिसके चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

See also  6 माह से बंगलौर में फंसी नाबालिग छात्रा को सुरक्षित वापस लाने के लिए एनएसयूआई ने सूरजपुर कलेक्टर को दिया ज्ञापन,,,

कलेक्टर ने दिया समन्वय बैठक का आश्वासन

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद सरगुजा कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर समस्याओं के निराकरण की दिशा में समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया है। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो पार्टी शहरवासियों के हित में बड़ा जनआंदोलन करेगी।

ये रहे मौजूद…

ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय विश्वकर्मा, पापिंदर सिंह, मो. हसन, कलीम अंसारी, मेराज रंगरेज, विनोद एक्का, लुईस एक्का, शुभम जायसवाल, जेनेबिब एक्का, बालकेश्वर तिर्की, आशीष वर्मा, आलोक सिंह, जीवन यादव, सतीश बारी, अमित तिवारी राजा, अमित सिंह, शिवांशु गुप्ता, तरणराज बाबरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर अंदरूनी सड़कें तक बदहाल

ज्ञापन में शहर की सड़कों की दुर्दशा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर के बीच से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में है, लेकिन इसके सुधार की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसके अलावा शहर की अंदरूनी सड़कों के लिए टेंडर जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। कांग्रेस का आरोप है कि विकास कार्यों को लेकर सरकार और नगर निगम सिर्फ बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बदतर होते जा रहे हैं।

ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह फेल

कलेक्टर से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथित ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ पूरी तरह विफल साबित हुई है और अंबिकापुर इसकी सबसे बड़ी मिसाल बन चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत सुधारने में नाकाम रही है, राज्य सरकार बिजली संकट और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण नहीं कर पा रही, जबकि नगर निगम सफाई और सड़क व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। शफ़ी अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार के पास विकास का कोई विजन नहीं है और आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हो रही है।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर में किया स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण,
Share This Article