AAJ24

[state_mirror_header]

सूरजपुर के महगवां क्षेत्र में सुने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने किया 15 लाख मूल्य के सोने चांदी के जेवरात पार, जांच में जुटी पुलिस,

Priyanshu Ranjan

सूरजपुर । शहर के महंगवा वार्ड क्रमांक 02 में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घटना में चोर घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

- Advertisement -

मिली जानकारी के अनुसार महंगवा वार्ड निवासी जाकिर हुसैन पेशे से ठेकेदारी एवं पेटी कॉन्ट्रैक्टर का कार्य करते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वे अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। घर पूरी तरह सूना था और मकान में ताला बंद था। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनके घर के कुछ दस्तावेज बाहर बिखरे पड़े हैं।

- Advertisement -

सूचना मिलने के बाद जब जाकिर हुसैन अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे सहित कुल पांच ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। तीनों अलमारियों के लॉक टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था।

पीडि़त परिवार के अनुसार अज्ञात चोर उनकी तीनों बेटियों के शादी के लिए रखे गए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने- चांदी के जेवरात और लगभग 5 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए।

घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिवार का कहना है कि बेटियों के भविष्य और शादी के लिए वर्षों से धीरे-धीरे जोड़कर रखे गए जेवर और रकम एक ही रात में साफ हो गई।

See also  शिवानी भूमिगत खदान में कॉपर केबल चोरी: भटगांव पुलिस ने 5 आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख का माल बरामद...

पुलिस जांच में जुटी, लेकिन लोगों के सवाल बरकरार

मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने और पुराने अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। हालांकि शहर के बीचों-बीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन रात में पुलिस पेट्रोलिंग प्रभावी नजर नहीं आती। लोगों का आरोप है कि यदि नियमित गश्त होती तो शायद इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था।

ताले टूटते रहे और सिस्टम सोता रहा?

घटना के बाद इलाके में लोग व्यंग्यात्मक अंदाज में यह कहते नजर आए कि चोर आराम से पांच ताले तोड़ते रहे और सुरक्षा व्यवस्था शायद गहरी नींद में थी। लोगों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, लेकिन अपराधियों में पुलिस का खौफ कम दिखाई दे रहा है। कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर मुख्य आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी वारदात बिना किसी हलचल के कैसे हो गई?

अब खुलासे का इंतजार…

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है, क्योंकि इस घटना में केवल नकदी और जेवर की चोरी नहीं हुई है, बल्कि एक परिवार की वर्षों की मेहनत और बेटियों के भविष्य से जुड़ी उम्मीदें भी अपराधियों ने लूट ली हैं।

See also  बीजापुर के बाद सुकमा को दहलाने की साजिश ,जानें पूरा मामला
Share This Article