कस्टमाइज्ड पेन पाकर खिले शिक्षकों के चेहरे, विद्यार्थियों ने गुरुजनों का किया सम्मान
चिरमिरी। शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की आत्मीयता और सम्मान का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। विद्यालय के व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी ने शिक्षक दिवस को यादगार बनाने के लिए प्राइमरी, मिडिल और हायर सेकेंडरी के समस्त स्टाफ को कस्टमाइज्ड पेन तथा सभी विद्यार्थियों को पेन वितरित किए।
उपहार वितरण विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन और साथी शिक्षक-शिक्षिकाओं के हाथों कराया गया। अपने शिक्षकों के हाथों पेन पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं स्टाफ के लिए तैयार कस्टमाइज्ड पेन सम्मान और अपनत्व का प्रतीक बने।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि जीवन में सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक भी हैं। शिक्षकों से मिलने वाला ज्ञान, अनुशासन और मार्गदर्शन उनके भविष्य की नींव मजबूत करता है।
पहल की सराहना
प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन ने के. प्रफुल्ल रेड्डी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मीयता और अच्छे संस्कार विकसित करना भी शिक्षक का महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे आयोजन विद्यालय परिवार में अपनत्व और सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
के. प्रफुल्ल रेड्डी ने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का भी अवसर है। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें यह एहसास कराना कि शिक्षक हमेशा उनके साथ हैं, इस पहल का उद्देश्य रहा।
कार्यक्रम में आयुषी पटेल, रिबका बड़ा और आदि कुमार ने संयुक्त रूप से मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन किया। आयोजन में शिक्षकों का विद्यार्थियों के प्रति स्नेह और विद्यार्थियों का गुरुजनों के प्रति सम्मान साफ दिखाई दिया। विद्यालय परिवार ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन वास्तव में ‘गुरु ने जीता विद्यार्थियों का दिल’ की भावना को साकार करता है।




