भरत शर्मा की रिपोर्ट

उज्जैन: उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नृसिंह घाट से लालपुल ब्रिज मार्ग तक अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। जोन क्रमांक 03 क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी में 2016 के बाद बने पक्के निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

प्रशासन की टीम ने लालपुल और नृसिंह घाट क्षेत्र में चिह्नित किए अवैध ढांचों को गिराया। लालपुर क्षेत्र स्थित श्री स्वामी संदीपेंद्र आश्रम के निर्माणाधीन अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया गया। नृसिंह घाट क्षेत्र में श्री क्षत्रिय कलोता समाज पारमार्थिक न्यास एवं अभा चंद्रवंशी समाज आश्रम के निर्माणाधीन परिसरों में नियमों के विरुद्ध किए गए निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर चला

अभियान का नेतृत्व नगर निगम के अपर आयुक्त संतोष टैगोर, एस डी एम एल एन गर्ग, तहसीलदार शेफाली जैन, सहायक आयुक्त प्रवीण मुकाती, प्रदीप सेन,सहायक यंत्री दीपक शर्मा, उपयंत्री राजेंद्र रावत सहित निगम कर्मी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

कार्यवाही को लेकर अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि उन्हें जिला प्रशासन से सूची प्राप्त हुई थी कि सिंहस्थ क्षेत्र में अनाधिकृत निर्माण किया जा रहा है। आने वाले सिंहस्थ में व्यवधान उत्पन्न ना हो इसलिए इन अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है। जिला प्रशासन और नगर निगम की यह संयुक्त कार्रवाई है । तीन बड़े स्ट्रक्चर तोड़े गए हैं । आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। सभी को पहले नोटिस दे दिए गए थे। इस कार्रवाई में तीन बुलडोजर, एक पोकलेन मशीन व 70 कर्मचारी लगे हुए है।



