पीलिया से 5 मौतों के बाद भी नहीं जगा प्रशासन, अब नल से निकला जिंदा कीड़ा
नगर निगम की घोर लापरवाही, 35 साल पुरानी पानी टंकी हटाने की मांग तेज
चिरमिरी।: शहर के 19 नंबर वार्ड अंतर्गत छोटा बाजार क्षेत्र में शनिवार सुबह नगर निगम की पानी टंकी से सप्लाई के दौरान नल से जहरीला कीड़ा/सांप जैसा जीव निकलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद लोगों में भारी दहशत है और कई परिवारों ने पानी का उपयोग बंद कर दिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यही क्षेत्र पहले भी पीलिया महामारी की चपेट में आ चुका है, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई थी। इसके बावजूद नगर निगम और प्रशासन ने जल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है कि आज भी नागरिकों को जानलेवा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
रहवासियों के अनुसार वे पिछले करीब सात वर्षों से नगर निगम को लिखित शिकायत देते आ रहे हैं कि पानी की पाइपलाइन नाली के भीतर बिछी हुई है। कुछ लोग बड़े पंप लगाकर अवैध रूप से पानी का दोहन करते हैं, जिससे फटी पाइपलाइन से नाली का गंदा पानी रिवर्स फोर्स में घरों और सार्वजनिक नलों तक पहुंच जाता है। जब नल चालू होता है तो पहले गंदा पानी आता है और बाद में सप्लाई बंद हो जाती है।
लोगों ने बताया कि छोटा बाजार क्षेत्र को पानी सप्लाई करने वाली नगर निगम की पानी टंकी करीब 35 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी है। कोलियरी प्रबंधन द्वारा नई पाइप उपलब्ध कराए जाने के बावजूद पुरानी पाइपलाइन नहीं बदली गई और न ही अवैध पंप लगाने वालों पर कार्रवाई हुई।
पीलिया से हुई मौतों के बाद भी व्यवस्था न सुधरना और अब नल से जिंदा कीड़ा निकलना प्रशासन की गंभीर विफलता को उजागर करता है। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर स्तर से जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पुरानी पानी टंकी को तत्काल डिस्मेंटल कर नई टंकी के निर्माण की मांग की है।
रिपोर्ट – अंजन मुखर्जी



