भरत शर्मा की रिपोर्ट

रतलाम,20फरवरी शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। घटना दो दिन पूर्व बुधवार रात की है। व्हाट्सएप ग्रुप में की गई पोस्ट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया आरोपी गुंडों के साथ तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने लगा। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। पुलिस ने सिंधी समाज के अध्यक्ष के बेटे सहित चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरदान नगर निवासी कमल गुरनानी ने शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज कि बुधवार रात करीब 11.20 बजे गौरव सतवानी अपने साथियों नीरज सतवानी, कार्तिक सैनी और अमित वोहरा के साथ चार पहिया वाहन से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि चारों के हाथ में डंडे थे और उन्होंने दरवाजा खटखटाकर बाहर बुलाने का प्रयास किया। लोहे का गेट बंद होने के कारण वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए बाहर खड़ी कार (एमपी 43 बीडी 0963) के कांच और हेडलाइट तोड़ दिए तथा गेट पर डंडे मारे। यह पूरा घटनाक्रम CCTV में कैद हुआ है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य बतौर जब्त कर लिया है
तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप
फरियादी कमल गुरनानी का कहना है कि विवाद समाज के व्हाट्सएप ग्रुप में की गई टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ। उनके मुताबिक चार दिन पूर्व 16 फरवरी को उन्होंने ग्रुप में अध्यक्ष राधाकिशन सतवानी को कुछ शब्दों के प्रयोग को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बुधवार रात को आरोपी साथियों के साथ घर पहुंचे और धमकी दी कि भविष्य में ग्रुप में उनके पिता के खिलाफ कुछ लिखा तो जान से मार देंगे। पीड़ित ने घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा है।
बदमाशों पर प्रकरण दर्ज
पुलिस ने समाज के अध्यक्ष राधाकिशन सतवानी के बेटे गौरव सतवानी निवासी देवरा देव नारायण कॉलोनी, भतीजे नीरज सतवानी पिता ठाकुरदास निवासी इंद्रानगर, अमित वोहरा और कार्तिक सैनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 324(4), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि मामले की जांच प्रधान आरक्षक को सौंपी गई है।



