अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति पर घर में घुसकर तीन युवकों द्वारा चाकू से ताबड़तोड़ हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में बशीरुद्दीन सिद्दीकी उर्फ लज्जू (57 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे बशीरुद्दीन अपने परिवार के सदस्यों के साथ रसूलपुर स्थित घर में मौजूद थे। इसी दौरान तीन युवक अचानक घर के अंदर दाखिल हुए। विवाद के बाद युवकों ने बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़े।
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों के पहुंचने से पहले ही तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजन और रिश्तेदार घायल बशीरुद्दीन को तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में उन्हें फिरदौसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बेटी ने ससुराल पक्ष पर लगाया हमले की साजिश का आरोप
घटना के बाद घायल की बेटी ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा यह हमला कराया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
IG-SP समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही आईजी, एसपी, एएसपी, सीएसपी सहित कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड, एफएसएल और साइबर टीम को भी लगाया गया है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
गोली चलने की अफवाह, पुलिस को अब तक नहीं मिले साक्ष्य
वारदात के बाद इलाके में गोली चलने की अफवाह भी फैल गई थी। इस संबंध में सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि पुलिस को चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। एफएसएल और साइबर टीम मामले की जांच कर रही है। अब तक की जांच में गोली चलने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटनास्थल तथा आसपास के CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।